Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नहर बंदी के दौरान पेयजल भंडारण का विशेष बंदोबस्त

लालगढ़ जाटान क्षेत्र में पानी की कमी होने पर कैराचक से पानी की समुचित व्यवस्था की गई
श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)।
गंगकैनाल एवं भाखड़ा में नहर बंदी के दौरान पीएचईडी की ओर से पेयजल भंडारण एवं वितरण के लिए विशेष बंदोबस्त किए गए हैं। विभाग के अधीक्षण अभियंता पीसी मिड्ढÞा के नेतृत्व में नहरबंदी से पूर्व विशेष कार्य योजना तैयार कर जल भंडारण किया गया। नहर बंदी के बाद जैसे ही पानी पहुंचा तो बरमों से डिग्गियों में भंडारण की व्यवस्था की गई। जिले में कई जगह ऐसी स्थिति आई कि पहले मुख्य ब्रांच में बरमे लगाकर छोटी नहरें चलाई गईं और वहां से पम्पिंग कर पानी जल योजनाओं तक पहुंचाया गया। प्रत्येक योजना पर दिन-रात निरन्तर बरमे लगाकर पम्पिंग द्वारा समुचित जल भंडारण किया गया। सादुलशहर उपखण्ड के लालगढ़ जाटान क्षेत्र में पानी की कमी होने पर विभाग की टीम ने ग्रामीण जल प्रदाय योजना कैराचक से भी पानी लाने की समुचित व्यवस्था की। विभाग के प्रयासों से लालगढ़ शहरी योजना, सादुलशहर शहरी योजना के साथ-साथ 23 अन्य ग्रामीण योजनाओं पर भी पानी का पूर्ण भण्डारण किया गया। केएसडी में अभी तक पानी प्रवाहित नहीं किया गया है परन्तु अभी तक भी वहां की पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। शहरी जल योजना सूरतगढ़ हेतु इंदिरा गांधी नहर परियोजना की मुख्य शाखा में 5 ट्रैक्टर बरमे लगाकर लगातार नवनिर्मित स्टोरेज टैंक में पम्पिंग से जल भंडारण किया जा रहा है, ताकि पूर्ण बंदी के दौरान शहरी जल योजना सूरतगढ़ व इससे जुड़े ग्रामों में पेयजल समस्या से निजात पाई जा सके। शहरी जल योजना अनूपगढ़ हेतु एडी नहर पर बंधा बनाकर एमएसआर नहर में पानी पम्प करते हुए शहरी जल योजना पर सौ प्रतिशत जल भंडारण कर लिया गया। जिला कलक्टर रुक्मणि रियार सिहाग से मिले दिशा निर्देशानुसार भंडारण व वितरण व्यवस्था में प्रशासन का पूर्ण सहयोग रहा। अधिशासी अभियंता अशोक जोधा, देवपाल गिरी व धर्मपाल चाहर के साथ विभाग की पूरी टीम ने समुचित पेयजल आपूर्ति के लिए जल भंडारण की व्यवस्था की।