अंजीर के बाग से अच्छी आमदनी का झांसा, किया फर्जी एग्रीमेंट श्रीगंगानगर (सीमा सन्देश)। लालगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में किसान को अच्छी आमदनी का झांसा देकर 1.36 लाख रूपए की धोखाधड़ी हो गई। किसान ने पुलिस को आपबीती बताई और जयपुर व भरतपुर के लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने जयपुर के सांगानेर निवासी योगेश पुत्र आनंद प्रकाश, भरतपुर निवासी लाजपतराम पुत्र रतन सिंह और देवेंद्र सिंह व 3-4 अन्य के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार गणेशगढ़ के निकटवर्ती गांव 21 एलएनपी निवासी बलराम पुत्र काशीराम ने रिपोर्ट में बताया कि उक्त आरोपित 7 फरवरी 2021 में परिवादी के पास आए। आरोपितों ने अंजीर का बाग लगाकर अच्छी आमदनी की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया। उक्त सभी ने अपने आपको प्राइवेट कंपनी का प्रतिनिधि बताया। एग्रीमेंट के अनुसार उक्त खेती में होने वाले प्रोडक्शन को 320 रूपए प्रति किलो के हिसाब से खरीदना तय हुआ। बहरहाल, पुलिस ने उक्त मामले में केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की और अनुसंधान एएसआई विजेंद्र के सुपुर्द कर दिया। शुरूआत में 31 पौधों से की बागवानी शुरूआत में परिवादी ने 31 पौधे खरीद कर बागवानी शुरू की। इसके बाद मार्च में 397 पौधे और खरीदे। इसके बदले परिवादी ने 1.36 लाख रूपए का भुगतान कर दिया। अफसोस की बात यह रही कि पौधे पनपे ही नहीं और सुखने लगे। इस पर कंपनी प्रतिनिधियों से संपर्क कर इस बारे में जानकारी लेनी चाही, लेकिन उन्होंने संतोषजनक कोई जवाब नहीं दिया। आरोप है कि कंपनी प्रतिनिधियों ने बताई हुई क्वालिटी के पौध नहीं दिए, जिससे परिवादी को नुकसान हुआ। इसके बाद ना ही कंपनी ने परिवादी से संपर्क किया और ना ही रूपए वापस लौटाए।