अजय देवगन ने शुक्रवार को पिता वीरू देवगन की 87वीं बर्थ एनिवर्सरी पर इमोशनल पोस्ट शेयर की थी। उनकी इस पोस्ट ने दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को भावुक कर दिया। अजय को रिप्लाई करते हुए 85 साल के धर्मेंद्र ने लिखा, “अजय, लव यू मेरे बच्चे। खुश, स्वस्थ और मजबूत रहो। तुम्हारे पापा मेरे सबसे स्नेही साथी थे। उन्हें हमेशा बड़े प्यार और सम्मान के साथ याद किया जाएगा। अपना ध्यान रखना।”
शुक्रिया धरमजी : अजय देवगन
धर्मेंद्र की पोस्ट पर जवाब देते अजय देवगन ने लिखा, “आपके प्यार के लिए शुक्रिया धरमजी। पापा और मैं दोनों आपसे प्यार करते थे। मैं आगे भी करता रहूंगा। आपका सम्मान है पाजी।”
इससे पहले शुक्रवार को अजय देवगन ने वीरू देवगन के साथ एक फोटो साझा करते हुए लिखा था, “मैं हर दिन आपको याद करता हूं। आज ज्यादा कर रहा हूं। हैप्पी बर्थडे पापा। जिंदगी तब से वैसी ही नहीं रही।”
2019 में हुआ वीरू का निधन
अजय देवगन के पिता और मशहूर एक्शन डायरेक्टर वीरू देवगन का निधन 27 मई 2019 को कार्डियक अरेस्ट से हुआ था। वीरू बॉलीवुड के सबसे पुराने एक्शन डायरेक्टर्स और स्टंटमैन में से एक थे। वीरू देवगन ने ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘स्वर्ग से सुंदर’, ‘दस नंबरी’, ‘मिस्टर नटवरलाल’, ‘क्रांति’, ‘राम तेरी गंगा मैली’, ‘आखिरी रास्ता’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘फूल और कांटे’, ‘इश्क’ जैसी 80 से ज्यादा फिल्मों में एक्शन कोरियोग्राफर के रूप में अपना योगदान दिया था। 1999 में उन्होंने बतौर डायरेक्टर-प्रोड्यूसर ‘हिंदुस्तान की कसम’ बनाई थी।