Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मुंडका अग्निकांड : बिल्डिंग के लिए नहीं ली गई थी फायर की NOC

नई दिल्ली |

दिल्ली पुलिस मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में हुए भीषण अग्निकांड मामले में उत्तरी दिल्ली नगर निगम (North Mcd) और दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DSIIDC) की भूमिका की भी जांच करेगी। पुलिस ने बताया कि इमारत के मालिक मनीष लकड़ा और दो कंपनी मालिकों हरीश गोयल और वरुष गोयल सहित कुल 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

डीसीपी (आउटर डिस्ट्रिक्ट) समीर शर्मा ने रविवार को बताया कि आग लगने के बाद से फरार चल रहे इस इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा को आज गिरफ्तार कर लिया गया। बिल्डिंग का मालिक मनीष लाकड़ा अपनी पत्नी, मां और बच्चो के साथ उसी बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर रहता था, जो आग लगने के बाद परिवार समेत वहां से निकल गया था।  पुलिस लगातार उसकी लोकेशन को ढूंढ रही थी। उसे आज घेवरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। इमारत में जो कंपनी चल रही थी उसके मालिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।

डीसीपी ने कहा कि दिल्ली पुलिस इस हादसे के संबंध में दोषियों का पता लगाने के लिए MCD और DSIIDC समेत हर उस एजेंसी को पत्र लिखेगी और उनके रोल की भी जांच करेगी। डीसीपी ने बताया इस बिल्डिंग के लिए फायर डिपार्टमेंट सहित किसी तरह की एनओसी नहीं ली गई थी। इतना ही नहीं, मनीष ने जब फैक्ट्री चलाने के लिए यह बिल्डिंग किराये पर दी थी तो उसने किरायेदारों का वैरिफिकेशन तक नहीं कराया था।