गांव फतेहगढ़ पुरुषोत्तम बास में आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। आम आदमी पार्टी राजस्थान की ओर से संचालित कार्यकर्ता सम्मेलन के तहत गांव फतेहगढ़ पुरुषोत्तम बास में आप हनुमानगढ़ की ओर से सम्मेलन का आयोजन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में मौजूद ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि सिंचाई पानी की कमी से इस बार नरमा-कपास की बिजाई नहीं हो पा रही है। गर्मी में लगातार बिजली कटौती से ट्यूबवेल से भी सिंचाई पानी नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में किसानों के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है। मनरेगा लंबे समय से बंद पड़ी है। लोगों के पास कोई काम-धंधा नहीं है। पढ़े-लिखे युवा नौकरी की तलाश में भटक रहे हैं। राजस्थान की गहलोत सरकार एक भी भर्ती नहीं कर पा रही है। हर प्रतियोगी परीक्षा का पेपर लीक हो रहा है। जी-तोड़ मेहनत करने वाले युवा हतोत्साहित हैं परंतु गहलोत सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा। सबसे महंगी बिजली देने वाली गहलोत सरकार अन्य राज्यों से पेट्रोल, डीजल पर 14 प्रतिशत अधिक वैट वसूल रही है। इससे पूरे राजस्थान में इस क्षेत्र में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल बिक रहा है। घरेलू गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। खाने-पीने की चीजों, दवाओं एवं घरेलू जरूरत की चीजों के दामों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इससे आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। केन्द्र-राज्य की सरकारों को राजस्थान जैसे पिछड़े राज्य को विशेष राहत देने वाली योजना को लागू करना चाहिए पर ऐसा नहीं हो रहा है। राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है परंतु भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे अधिकारियों को कमाई वाले पदों पर नियुक्ति दी जा रही है। हनुमानगढ़ जिले की एकमात्र स्पिनिंग मिल को बंद कर दिया गया है और उसे बेचने की तैयारी चल रही है। कोहला रिको को 25 साल बीत जाने के बाद भी शुरू नहीं किया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधि कुंभकरण की नींद सो रहे हैं। राजस्थान में मुख्य विपक्षी दल भाजपा भी सो रही है। इससे लगता है कि राजस्थान में कांग्रेस और भाजपा मिलकर सरकार चला रहे हैं। एक ओर दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारें जनता को बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, महिलाओं को फ्री यात्रा, युवाओं को फ्री कोचिंग, मजदूरों को फ्री बस सुविधा उपलब्ध करवा रही है वहीं गहलोत सरकार जनता को लूट रही है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना में ज्यादातर जांचों को बंद कर दिया गया है। हॉस्पिटल में फ्री दवा के नाम पर अलग-अलग बीमारियों के लिए एक जैसी दवा दी जाती है। ये सब जनता के साथ छलावा है। अब राजस्थान में भी पंजाब की तरह बदलाव की जरूरत है। इस मौके पर राजकुमार गर्ग, करनैल सिंह, लीलाधर भाट, सतपाल, राकेश बंसल, बलविंद्र सिंह, राजपाल सिंह, घुकर सिंह, इंद्रजीत, प्रवीण, रामसिंह, करनैल सिंह, उजागर सिंह, बलकरण सिंह, कलवंत सिंह, बाबूसिंह, जसपाल सिंह, तोतासिंह आदि मौजूद रहे।