जयपुर
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के विधायकों ने गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूथ कांग्रेस कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश घोघरा के बाद खेलमंत्री अशोक चांदना ने बगावती तेवर दिखाए है। कांग्रेस के उदयपुर चिंतन शिविर में युवाओं को कांग्रेस पार्टी में आगे लाने के लिए 50% पद देने का फार्मूला लेकर आई थी, लेकिन ये फार्मूला 10 दिन में ही युवा विधायकों की नाराजगी के चलते फेल होता दिख रहा है। कांग्रेस पार्टी के 4 विधायक 4 दिन में ही नाराज हो गए। इन विधायकों ने कामकाज में नौकरशाही के बढ़ते हस्तक्षेप से नाराज होकर गहलोत सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
राज्यसभा चुनाव से पहले युवा विधायकों ने बढ़ाई टेंशन
डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा ने तो विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा तक दे दिया है। खेलमंत्री अशोक चांदना ने इस्तीफा देने की धमकी देकर राज्यसभा चुनाव से पहले पार्टी की टेंशन बढ़ा दी है। हालांकि, सीएम अशोक गहलोत का कहना है कि अशोक चांदना ने काम के प्रेशर में आकर बयान दिया है। इसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीना, बेंगू विधायक राजेंद्र बिधूड़ी और बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा ने बगावती तेवर दिखाए है। इन सभी विधायकों की उम्र 50 से कम की है। कांग्रेस का नया मंत्र यूथ के भरोसे बूथ है।
युवा विधायकों की नाराजगी पड़ सकती है भारी
गहलोत सरकार के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर ही आधा दर्जन विधायकों ने मोर्चा खोल दिया है। विवाद की शुरुआत यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष और डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा ने इस्तीफा देकर कर दी है। इसके बाद प्रतापगढ़ विधायक रामलाल मीना, बेंगू विधायक राजेंद्र बिधूड़ी, सांगोद विधायक भरत सिंह, बाड़ी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और ओसियां विधायक दिव्या मदेरणा ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ये विधायक लगातार सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। राज्यसभा से पहले विधायकों की नाराजगी कांग्रेस पार्टी पर भारी पड़ सकती है। राज्यसभा की 4 सीटों के लिए 10 जून को मतदान होगा। लेकिन उससे पहले ही विधायकों के बगावती तेवरों से नुकसान उठाना पड़ सकता है। विधानसभा में मौजूदा संख्याबल के हिसाब से कांग्रेस 4 में से 3 सीट जीत सकती है। जबकि बीजेपी के खाते में एक सीट ही जाती हुई दिखाई दे रही है।