फतेहगढ़ खिलेरी बास में एचकेवीएसएस के उपकेन्द्र का उद्घाटन
by seemasandesh
कृषि आदान खरीदने के लिए नहीं जानना पड़ेगा बाजार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांव फतेहगढ़ खिलेरी बास में हनुमानगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति के उपकेन्द्र का उद्घाटन गुरुवार को हुआ। विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति के लिए उपकेन्द्र खोला गया है। इस केन्द्र पर खाद, बीज, पेस्टीसाइड सहित अन्य कृषि उत्पाद किसानों के लिए उपलब्ध रहेंगे। कृषि उत्पाद खरीदने के लिए अब आसपास के गांवों के किसानों को बाजार नहीं जाना पड़ेगा। समय के साथ आर्थिक बचत भी होगी। बताया जा रहा है कि गांव में पूर्व से चल रही ग्राम सेवा सहकारी समिति का कार्य आशानुरूप नहीं होने के कारण हनुमानगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति की ओर से उपकेन्द्र खोला गया है। इस उपकेन्द्र के खाुलने से फतेहगढ़ खिलेरी बास के अलावा रामसरा, अमरपुरा थेड़ी, करणीसर, सहजीपुरा, बहलोलनगर, किशनपुरा दिखनादा गांवों के किसानों को लाभ होगा। इन गांवों के किसानों की मांग पर यह उपकेन्द्र खोला गया है। प्रबंध समिति की ओर से लिए गए निर्णय के बाद गांव फतेहगढ़ खिलेरी बास के बस स्टैंड के पास पंचायत घर की दुकानों में समिति का उप केन्द्र शुरू किया गया है। हनुमानगढ़ क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के प्रबंधक बृजलाल जांगू के अनुसार रावतसर रोड पर भी समिति का उपकेन्द्र खोलने की मांग किसानों की ओर से की जा रही है। यह बात प्रबंध समिति के समक्ष रखी जाएगी। साथ ही कहा कि किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध करवाने का पूरा प्रयास रहेगा। उद्घाटन कार्यक्रम में कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष अरुण खिलेरी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।