Thursday, June 18निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर में पुलिस दो कटे धड़ ढूंढ़ने दो घंटे घूमी:कार कंपनी के मैनेजर ने मोहल्ले में रुतबा दिखाने दी फर्जी सूचना, कहा, दो आदमी हैं, जिनके गले कटे लाशें पड़ी हैं, पुलिस पहुंची तो घर में छुपा

जयपुर

हेलो, पुलिस कंट्रोल रूम, सर मैं करतारपुरा से बोल रहा हूं। यहां पर दो लोगों के सिर काट दिए हैं। दोनों के कटे धड़ शव सड़क पर पड़े हुए है। काफी लोगों की भीड़ हो रही है। आप जल्दी पुलिस को भेजे। डबल मर्डर की सूचना मिलते ही जयपुर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। युवक ने डबल मर्डर की सूचना देने के बाद मोबाइल बंद कर लिया। महेश थानाधिकारी बाइक लेकर ही पहुंच गए। पुलिस की टीम कई घंटों तक जगह तलाश करती रही। कहीं भी ऐसी घटना का पता नहीं लगा। आखिरकार मोबाइल नंबरों के आधार पर पुलिस ने युवक का पता लगाया। उसने पड़ोस में झगड़ा होने पर ट्रेलर दिखाने के लिए कंट्रोल रूम में फोन कर दिया। पुलिस ने डबल मर्डर झूठी सूचना देने वाले गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कार कंपनी प्रेम मोटर्स में मैनेजर हैं और बीए पास है।

पुलिस पड़ताल में सामने आया कि आरोपी युवक प्रकाश के माेहल्ले में झगड़ा हो रहा था। उस दौरान लोगों ने पुलिस बुलाने की बात कही तो प्रकाश ने अपना प्रभाव दिखाने के लिए कहा कि अभी लो दो मिनट में पुलिस ही पुलिस आ जाएगी। फिर मोहल्लेवालों से दूर जाकर उसने कंट्रोल रूम को फोन करके गलत सूचना दे दी।

महेशनगर थानाधिकारी घनश्याम सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रकाशचंद कुमावत पुत्र सेवाराम को गिरफ्तार कर लिया है। वह करतारपुरा में पथिक कालोनी में परिवार के साथ रहता है। उन्होंने बताया कि रात को करीब 10 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में प्रकाश ने फोन किया कि करतारपुरा में दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। दोनों के सिर काट दिए और शव सड़क पर पड़े हुए है। डबल मर्डर की सूचना देने के बाद युवक ने फोन बंद कर लिया। ऐसा सुनकर कंट्रोल रूम में अफरातफरी मच गई। तुरंत महेश नगर थाने पर सूचना दी गई। पुलिस अधिकारियों को भी डबल मर्डर होने के बारे में बताया गया।
बाइक लेकर दौड़ पडे़ थानाधिकारी
​​​​​
महेशनगर थानाधिकारी घनश्याम सिंह थाने में ही बैठे थे। डबल मर्ड़र की सूचना मिलने उन्होंने तुरंत पुलिस जाप्ते को बुलाया। अधिकतर सिपाही घर जा चुके थे। चेतक गाड़ी झगड़े की सूचना पर गई हुई थी। तब वे खुद बाइक लेकर करतारपुरा में निकल पड़े। 5-7 सिपाहियों को उन्होंने फोन कर बुलाया। वे बाइक लेकर करतारपुरा में डबल मर्ड़र की लोकेशन तलाश करने लगे। उन्होंने युवक के नंबरों पर फोन किया,लेकिन मोबाइल नंबर बंद मिला। तब चेतक की गाड़ी को भी बुलाया गया। चेतक की गाड़ी झगड़े की सूचना पर गई थी। दो घंटे तक पुलिसकर्मी मर्ड़र की जगह को तलाश करते रहे। पुलिसकर्मियों के हाथपांव फूल गए।
बाप-बेटे में झगड़ा होने पर ट्रेलर दिखाने के लिए फोन
दरसअल, प्रकाशचंद के घर के पीछे बाप-बेटे में मकान को लेकर विवाद चल रहा था। मकान पर लोन की बात को लेकर उनमें कहासुनी हो रही थी। गली के काफी लोग वहां पर जमा हो गए थे। किसी ने दोनों बाप-बेटे के बीच में झगड़े की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने पर चेतक वहां पर पहुंचने वाली थी कि तभी प्रकाश ने अपना प्रभाव दिखाने के लिए डबल मर्डर की कहानी बनाकर पुलिस कंट्रोल में सुना दी। डबल मर्डर की बात सुनकर चेतक लौट गई। बाद में पूछताछ करते हुए दोनों बाप-बेटों के पास भी पहुंची। तब उनके बीच में विवाद शांत हो चुका था। पुलिस आने के डर से वे कमरे में चले गए थे।
मोबाइल नंबर के नाम-पते से पकड़ा गया
डबल मर्ड़र की सूचना देने के बाद प्रकाश ने मोबाइल नंबर बंद कर लिया था। कई घंटों तक तलाश करने के बाद भी पुलिस को डबल मर्डर की जगह का पता नहीं लगा। तब पुलिस ने मोबाइल नंबर का नाम-पता निकाला। पुलिस तलाश करते हुए पथिक कालोनी में पहुंची। घर पर पहुंच कर पुलिस ने प्रकाश के बारे में पूछा। वह घर में छिपा था। वह घर से बाहर निकल कर आया। पुलिस ने उससे डबल मर्डर की जगह पूछी तो उसने पड़ोस में झगड़े की बात कहीं। इसके बाद पुलिस ने उसे झूठी सूचना देने पर गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *