Tuesday, September 1निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

तकनीकी सहायक पर मारपीट व गाली-गलौज करने का आरोप

  • विभागीय कार्यवाही करने की मांग, नाराज ग्रामीणों ने निगम के एसई कार्यालय पर किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जीएसएस में तैनात तकनीकी सहायक पर मारपीट व गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए चक 9 और 10 एमओडी के ग्रामीणों ने गुरुवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष नारेबाजी कर विरोध जताया। साथ ही तकनीकी सहायक पर विभागीय कार्यवाही करने की मांग का एसई को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर गुरदास सिंह पुत्र गुरजन्ट सिंह जटसिख निवासी 9 एमओडी पीएस सदर ने बताया कि बुधवार को अल सुबह 2.35 बजे अचानक ट्यूबवैल की बिजली चली गई। उसने चक 2 पीबीएन स्थित जोधपुर विद्युत निगम के 33/11 केवी ग्रिड सब स्टेशन के तकनीकी सहायक राजेश कुमार को फोन किया। राजेश कुमार ने कहा कि बिजली पीछे से फाल्ट हो गई है। करीब आधे घंटे तक इन्तजार किया लेकिन लाइट नहीं आई। इस पर वह व अड़ोस-पड़ोस की ढाणियों के वाशिंदे जिनमें उग्रसेन, रामचन्द्र ब्राह्मण निवासी डबलीबास पेमा व गुरतेज सिंह पुत्र दरबार सिंह निवासी चक 10 एमओडी बिजली घर में गए। वहां आॅन ड्यूटी तकनीकी सहायक सो रहा था। उसे उठाया व पूछा कि बिजली किस कारण से बन्द है लेकिन राजेश कुमार ने कोई सन्तोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्हें कहा कि वे उसे सोने दें। उसकी ड्यूटी है या नहीं उन्हें क्या लेना-देना। वह अपनी मर्जी से ही लाइट छोड़ेगा। उन्हें वहां से जाने को कहा। गुरदास सिंह ने कहा कि उन्होंने राजेश कुमार से दैनिक रजिस्टर व ड्यूटी रजिस्टर दिखाने को कहा तो राजेश कुमार ने रजिस्टर दिखाने की बजाए उनके साथ गाली-गलौज की व कहा कि उसने रजिस्टर में कुछ दर्ज नहीं किया। उनसे जो होता है वह कर लें। अगर ज्यादा कुछ किया तो वह सभी के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भिजवा देगा। जब वह वीडियो बनाने लगा तो राजेश कुमार ने नाराज होकर उसका मोबाइल फोन जबरन छीनकर नीचे फेंक दिया व थप्पड़-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। उसके साथ आए अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। राजेश कुमार ने उसे धमकी दी कि उसने अपने मोबाइल फोन में जितनी भी वीडियो बनाई है, इसे किसी को दिखाकर उसके खिलाफ कोई कार्यवाही करने की कोशिश की तो वह उन सभी के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भिजवा देगा। ग्रामीणों का कहना था कि उनकी ओर से गांव में विद्युत सप्लाई बाधित होने व कोई फाल्ट आने पर निजी विद्युत कर्मचारियों की सहायता से समस्या का समाधान करवाया जाता है। विद्युत विभाग के इन कर्मचारियों की ओर से अपने पदीय कर्तव्यों का निर्वहन नहीं किया जा रहा। ग्रामीणों ने तकनीकी सहायक राजेश कुमार के खिलाफ अपने पदीय कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन न कर ड्यूटी पर रहने के दौरान ग्रामीणों के साथ गाली-गलौच व मारपीट करने के कृत्य की जांच कर विभागीय कार्यवाही करने की मांग की। इस मौके पर रघुवीर सिंह वर्मा, गुरपरविन्द्र सिंह मान सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।