हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कक्षा 12वीं में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान वर्ग में उच्च अंक हासिल करने वाले टाउन के शिशु शिक्षा सदन उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं का गुरुवार को विद्यालय प्रांगण में अभिनंदन किया गया। स्कूल प्रबंधन व स्टाफ ने अव्वल रहे छात्र-छात्राओं का माल्यार्पण कर व राजस्थानी पगड़ी पहनाकर अभिनंदन करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन के आशीष छाबड़ा ने बताया कि संस्था करीब 50 साल से संचालित है। करीब 22 सालों से कक्षा 12वीं कला वर्ग का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहता आया है। अब तक कक्षा 12वीं वाणिज्य का परीक्षा परिणाम 17 बार जबकि विज्ञान का परीक्षा परिणाम 8 बार शत प्रतिशत रहा है। अनुशासन और परिश्रम संस्था में अध्ययनरत बच्चों की सफलता का कारण है। इस बार भी विज्ञान वर्ग में 94 प्रतिशत अंक हासिल कर पास हुए हैं। कला वर्ग में रवि कुमार ने 91.60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उम्मीद है संस्था के बच्चे भविष्य में भी इसी तरह शाला का नाम रोशन करते रहेंगे।