50 हजार रुपए की रिश्वत लेते एसीबी के शिकंजे में फंसा गंगमूल डेयरी एमडी
by seemasandesh
दूध सप्लाई के लिए लगाए गए वाहनों को बिना टेंडर चलाने और टेंडर अवधि बढ़ाने के एवज में एमडी पवन गोयल ने मांगी थी रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सीकर टीम की कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (गंगमूल डेयरी) का प्रबन्ध निदेशक 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते शुक्रवार को एसीबी के शिकंजे में फंस गया। उसे एसीबी सीकर की टीम ने मुख्यालय के निर्देश पर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। डेयरी एमडी पवन गोयल ने दूध सप्लाई के लिए लगाए गए वाहनों को बिना टेंडर चलाने और टेंडर अवधि बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने एमडी के आवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी ली। पहुंच के चलते पवन कुमार गोयल पिछले लम्म्बे समय से डेयरी एमडी के पद पर आसीन था। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की सीकर इकाई को परिवादी की ओर से शिकायत दी गई कि दूध सप्लाई के लिए लगाए गए उसके दो वाहनों को बिना टेंडर चलाए रखने और टेंडर अवधि बढ़ाने के एवज में श्रीगंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड हनुमानगढ़ जंक्शन के प्रबन्ध निदेशक पवन कुमार गोयल की ओर से 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। इस पर एसीबी सीकर इकाई के पुलिस उप अधीक्षक जाकिर अख्तर के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस निरीक्षक सुरेश चंद एवं उनकी टीम ने गंगमूल डेयरी में कार्रवाई करते हुए सरस डेयरी के एमडी पवन कुमार गोयल पुत्र रामजीलाल निवासी मकान नम्बर आई-359, न्यू सिविल लाइन, हनुमानगढ़ जंक्शन को परिवादी से 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इसके बाद मौके पर ही कागजी कार्रवाई पूर्ण की।