-जिले में जारी है अभियान, कोविड से रहें सतर्क, लगवाएं टीका
श्रीगंगानगर। हर घर दस्तक अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें इन दिनों घर-घर दस्तक दे रही है। इस दौरान टीकाकरण से वंचित नागरिकों को चिन्हित कर उन्हें नजदीकी कोविड टीकारकण केंद्र पर जाकर वेक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। वहीं अनेक स्वास्थ्य केंद्रों की टीमें घर-घर जाकर टीकाकरण भी कर रही हैं।
सीएमएचओ डॉ. गिरधारी लाल मेहरड़ा ने बताया कि अभियान आगामी 31 जुलाई तक निरतंर चलेगा, इस दौरान हर घर तक दस्तक देने का हर संभव प्रयास किए जाएंगे। कोविड टीकाकरण की पहली, दूसरी व प्रिकॉशन डोज सभी आयु वर्ग के लाभार्थियों के लगाने एवं वंचित लोगों को चिन्हित कर शत-प्रतिशत टीकाकरण करने के लिए अभियान की शुुरुआत की गई है। इसके तहत प्रत्येक गांव में आशा सहयोगिनी, एएनएम व अन्य स्टाफ की ओर से टीकाकरण से वंचित लोगों की सूची तैयार की गई है। वहीं सूची अनुसार उसी गांव या नजदीकी केंद्र पर कोविड टीका लगाया जा रहा है। विभाग ने इस संबंध में सूची तैयार कर संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को पाबंद किया है ताकि अधिकाधिक लोगों के टीकाकरण सुनिश्चित हो सके। कोविड टीकाकरण केंद्र की जानकारी प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग के फेसबुक पेज आईईसी हेल्थ डिपार्टमेंट एसजीएनआर पर देखी जा सकती है।