र्इंट भट्ठा संचालक करवा रहे थे बालश्रम, मुकदमे दर्ज
by seemasandesh
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने औचक निरीक्षण के दौरान की कार्रवाई हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। बालश्रम निषेध दिवस पर बालश्रम रोकथाम अभियान के तहत बाल कल्याण समिति (न्यायपीठ) हनुमानगढ़ अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने रविवार को पीलीबंगा पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित र्इंट भट्ठों का औचक निरीक्षण किया। पीलीबंगा पुलिस थाना के बाल कल्याण अधिकारी एसआई हरबंश सिंह के साथ किए गए निरीक्षण के दौरान कालीबंगा कैंची पर स्थित अग्रवाल र्इंट उद्योग व जगदम्बा र्इंट उद्योग पर बच्चों से बालश्रम करवाया जाना पाया गया। इस पर समिति की ओर से दोनों र्इंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ बालश्रम अधिनियम के तहत पीलीबंगा पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाने की कार्रवाई की गई। बाल कल्याण समिति जितेन्द्र गोयल के औचक निरीक्षण में इन दोनों र्इंट भट्ठों पर छोटे बच्चे कड़ी धूप में बालश्रम करते पाए गए। इस पर बालकों को दस्तयाब कर उनके माता-पिता से समझाइश की। भविष्य में बालश्रम नहीं करवाने और शिक्षा से जोड़ने के लिए पाबंद किया। इसके बाद बच्चों को उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। साथ ही बालश्रम निषेध दिवस पर शपथ दिलाई कि न बालश्रम करवाएंगे न करने देंगे। र्इंट भट्ठा संचालकों को पाबंद किया गया कि भविष्य में बच्चों से बालश्रम करते हुए पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने बताया कि जिले को बालश्रम मुक्त करने की मुहिम के तहत भविष्य मेंं भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। गोयल ने बताया कि पीलीबंगा क्षेत्र के सभी र्इंट भट्ठों पर हर हाथ कलम अभियान के तहत शिक्षा के मंदिर खोलने का प्लान जिला कलक्टर के सानिध्य में तैयार किया जा रहा है। जल्द ही हर र्इंट भट्ठों पर पाठशाला खोली जाएगी। उम्मीद है इससे बालश्रम पर अंकुश लगेगा। गोयल ने बताया कि कालीबंगा कैंची स्थित उक्त दोनोंं र्इंट भट्ठों के संचालकों ने आगामी सत्र में बारिश के बाद भट्ठे शुरू होने पर समिति के सहयोग से पाठशाला खोलने की हामी भरी। इस कार्रवाई के दौरान पीलीबंगा थाना के कांस्टेबल अमन नैण व धीरसिंह भी शामिल रहे।