जयपुर। राजस्थान में डूंगरपुर जिले के एक गांव में एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को कथित तौर पर टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और छह वर्षीय बच्चे की कार की चपेट में आने से मौत हो गई है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना रविवार देर रात करावाड़ा गांव के पास हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों की पहचान मोहन (45), उसकी पत्नी काली (43) और उनके बेटे रोहित के रूप में हुई है। ये भिंडा गांव में शोक सभा में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। एसएचओ चौरासी भीमजी गरासिया ने कहा कि मोटरसाइकिल सवार दंपती और उसका बेटा कार के पहिए के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई है। एसएचओ ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कहा कि दंपती की बेटी और एक अन्य बेटे को घटना की सूचना दे दी गई है, वह घर पर थे। उन्होंने बताया कि तीनों के शवों को डूंगरपुर के एक अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
गौरतलब है कि चुरू जिले में रविवार को एक कार की रासायनिक टैंकर से टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई थी। एसएचओ मनोज मूंद ने बताया कि हादसा सालासर हाइवे पर सुजानगढ़ सदर इलाके में हुआ था। एसएचओ ने कहा कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। मृतकों की पहचान वासुदेव वैष्णव (23), अंकित कुमार (24), रविदास वैष्णव (30) और संजय (30) के रूप में हुई थी। इससे पहले शनिवार को झालावाड़ के अकोदिया गांव के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर एक कंटेनर ट्रक ने कार और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए थे।