तिंवरी (जोधपुर)। जोधपुर कमिश्नरेट के मथानियां थाना अन्तर्गत चौपासनी गांव में पानी के हौद में डूबने से 4 मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को मथानियां अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। चारों मृतक मूलतयाबाड़मेर जिले के रहने वाले थे। ये चारों मृतक चौपासनी गांव में एक पशु आहार की फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। चारों गुरुवार देर शाम मजदूरी करने के बाद संभवतया नहाने के लिए इस हौद में उतरे थे और अचानक पानी में डूबने से इनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मथानियां पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया।
तिंवरी तहसील के चौपासनी गांव में एक पशु आहार की फैक्ट्री है। जिसके पीछे ही कृषि विभाग की भूमि पर एक पानी का हौद बना हुआ है। गुरुवार देर शाम पशु आहार की फैक्ट्री में काम करने वाले चार मजदूर संभवतया नहाने के लिए इस हौद में उतरे थे। जहां पानी में डूबने से इन चारों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मथानियां पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने चारों शवों को मथानियां के सैटलाइट अस्पताल में रखवाया है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है। मृतक युवकों की उम्र 19 से 22 वर्ष है। पुलिस ने बताया कि मृतक दीपाराम जाट (21) पुत्र मालाराम गांव साजयाली पुलिस थाना पचपदरा जिला बाड़मेर, दिनेश (19) पुत्र पताराम गांव डंडाली पुलिस थाना सिणधरी, ओमाराम (20) पुत्र स्वरूपाराम गांव कालेवा व मदन (22) पुत्र भगवानराम गांव डंडाली पुलिस थाना सिणधरी जिला बाड़मेर का रहने वाला था। हादसे के बाद मथानियां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।