Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

देश के लिए घातक होगी अग्निपथ स्कीम

  • भारतीय ट्रेड यूनियन केन्द्र (सीटू) की जिले भर की कमेटियों का सेमीनार आयोजित
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    भारतीय ट्रेड यूनियन केन्द्र (सीटू) की जिले भर की कमेटियों का सेमीनार शनिवार को टाउन में टिब्बी रोड स्थित जनशक्ति भवन में आयोजित हुआ। सेमीनार में सीटू प्रदेशाध्यक्ष रविन्द्र शुक्ला मौजूद रहे। प्रदेशाध्यक्ष शुक्ला ने 22, 23 व 24 अप्रेल को सीटू की राष्टÑीय वर्किंग कमेटी की चंडीगढ़ में हुई बैठक में लिए गए निर्णय, कार्यभार आदि की जानकारी देते हुए कहा कि जब से केन्द्र में आरएसएस नीत बीजेपी की सरकार सत्ता में आई है तब से मजदूरों-किसानों पर हमले बढ़े हैं। केन्द्र सरकार लगातार मजदूरों को चंद पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की साजिश रच रही है। मजदूरों से 8 घंटे के बजाय 12 घंटे काम करवाया जा रहा है और काम के अनुरूप मजदूरी भी कम दी जा रही है। मजदूरों की ओर से कुर्बानियां देकर अपने पक्ष में बनवाए हुए 44 श्रम कानूनों को पूंजीपतियों के पक्ष में करने के लिए चार कोड्स में तब्दील कर दिया है। इसके खिलाफ सीटू लगातार संघर्ष कर रहा है। इसी संघर्ष का ही नतीजा है कि केन्द्र की मोदी सरकार चार कोड्स को लागू नहीं कर पा रही है। यह पूरे हिंदुस्तान के मजदूरों की एकता की देन है। शुक्ला ने कहा कि हाल ही में केन्द्र की मोदी सरकार देश की सेना को कमजोर करने व निजीकरण करने के लिए अग्निपथ स्कीम लेकर आई है जो देश के लिए बहुत घातक होगी। क्योंकि इस स्कीम के तहत केन्द्र की मोदी सरकार 4 साल तक ही नौजवानों को सेना में भर्ती करेगी और उसके बाद उनको रिटायरमेंट कर दिया जाएगा। न उन्हें पेंशन मिलेगी न ही अन्य सुविधाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में हिन्दू-मुसलमान के नाम पर दंगे करवाए जा रहे हैं। बीजेपी के नेताओं की ओर से लगातार गलत बयानबाजी की जा रही है। लगातार एक जाति विशेष को टारगेट किया जा रहा है। उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। लगातार संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने मोहम्मद पैगम्बर साहब पर बयानबाजी करने वाले बीजेपी के नेताओं की तुरंत प्रभाव से गिरफ्तारी कर कड़ी से कड़ी सजा देने, अग्निपथ स्कीम को तुरंत प्रभाव से वापस लेकर सेना में खाली पड़े पदों को नियमित तरीके से भरने और मजदूर विरोधी चारों लेबर कोड्स रद्द कर श्रम कानूनों का सख्ती से पालन करने की मांग की। सभी कार्यकर्ताओं से मजदूरों को लामबंद कर संघर्ष को और तेज व व्यापक करने का आह्वान किया। सेमीनार में सीटू जिलाध्यक्ष आत्मासिंह, शेरसिंह शाक्य, बहादुर सिंह चौहान, रामचंद्र, राजेश कुमार, आमिर खान, बसंत सिंह, हरजी वर्मा, अमित कुमार, शिव कुमार, मेजरसिंह, राजकुमार, लवली, जसविंद्र सिंह, मुंशासिंह, अरविंद मुंशी, गुरुनायब सिंह, रिछपाल सिंह, मुकद्दर अली, तरसेम सिंह, महेंद्र सिंह, बग्गासिंह आदि मौजूद रहे।