Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कल जिला कलक्ट्रेट का घेराव करेंगे किसान

  • चना-गेहूं सहित अन्य कृषि जिन्सों की एमएसपी पर खरीद की कर रहे मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    चना-गेहूं सहित अन्य कृषि जिन्सों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद शुरू करने की मांग को लेकर टिब्बी, संगरिया, रावतसर, नोहर और भादरा तहसील के गांवों के किसान 20 जून को जिला कलक्ट्रेट का घेराव करेंगे। यह घोषणा शनिवार को टिब्बी की धानमंडी में किसान नेता सुरेन्द्र खद्दा के नेतृत्व में हुई बैठक में लिया गया। बैठक से पहले किसान प्रतिनिधियों व किसानों की टिब्बी के नायब तहसीलदार व कृषि अधिकारियों के साथ चने की सरकारी खरीद के संबंध में वार्ता हुई। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकलने पर वार्ता विफल रही। इस पर किसान प्रतिनिधियों ने बैठक कर 20 जून को जिला कलक्ट्रेट का घेराव करने का निर्णय लिया। किसान नेता सुरेन्द्र खद्दा ने बताया कि चने की सरकारी खरीद शुरू न होने से किसान परेशान हैं। टोकन मिलने के बावजूद किसान एक-एक माह से ट्रैक्टर किराए पर कर मजदूरों की साथ टिब्बी की धानमंडी में बैठे हैं लेकिन चने की खरीद नहीं हो रही। न तो सरकार, किसानों की बात सुन रही है और न ही प्रशासन। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है कि न्यूनतम समर्थन पर किसान की फसल की खरीद की जाएगी। चने का न्यूनतम समर्थन मूल्य तो कर दिया लेकिन खरीद नहीं हो रही। खरीद हो रही है तो सफाई के नाम पर करीब 50 प्रतिशत चने को कचरे के रूप में निकाला जा रहा है। ऐसे में किसान का चना बाजार में दो हजार रुपए प्रति क्विंटल में भी नहीं बिकेगा। एमएसपी सिर्फ कागजों में सिमटकर रह गई है। किसान को कोई लाभ नहीं हो रहा। इस पर उन्होंने अपनी समस्या से टिब्बी उपखण्ड अधिकारी को अवगत करवाया। एसडीएम ने नायब तहसीलदार और कृषि अधिकारियों को मौके पर भेजा है। अधिकारियों से वार्ता हुई। मगर वार्ता विफल हुई। कानून का हवाला देकर प्रशासन चने तौलने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में किसानों ने तय किया है कि सोमवार को सुबह 10 बजे टिब्बी, संगरिया, रावतसर, नोहर और भादरा तहसील के गांवों के भारी संख्या में किसान कृषि जिन्सों की तौल की समस्या को लेकर जिला कलक्ट्रेट का घेराव करेंगे।