Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पोस्ट ग्रेजुएट कर रहा था दांतों का इलाज, अस्पताल को जड़ा ताला

  • नहीं मिला अस्पताल का मुख्य डॉक्टर, न मिले योग्यता प्रमाण पत्र
  • स्वास्थ्य विभाग की टीम की नोहर में कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला कलक्टर नथमल डिडेल को प्राप्त हुई एक शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को नोहर स्थित दांतों के एक अस्पताल का निरीक्षण किया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, नोहर बीसीएमओ डॉ. प्रदीप कड़वासरा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता संत कुमार बिश्नोई एवं मलकीत सिंह की टीम की ओर से किए गए निरीक्षण दौरान पोस्ट ग्रेजुएट अस्पताल में महिला के दांतों का इलाज करता मिला। अस्पताल का मुख्य डॉक्टर मौके पर नहीं मिला। न ही योग्यता प्रमाण पत्र मिला। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल को ताला जड़ दिया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला कलक्टर नथमल डिडेल को गत दिवस एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को नोहर स्थित भाटी दांतों का अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय नोहर के गांव सुरजनसर का निवासी रामचन्द्र (28) अस्पताल में एक महिला सन्तोष देवी के दांतों का इलाज कर रहा था। जांच करने पर पता चला कि रामचन्द्र पोस्ट ग्रेजुएट है। अस्पताल के दस्तावेज की जांच करने पर पता चला कि शनिवार को अब तक चार मरीज देखे जा चुके थे। इसके अलावा अस्पताल में दो डेंटल चेयर, दांतों का इलाज करने के सभी उपकरण पाए गए। रामचन्द्र ने टीम को बताया कि अस्पताल के मुख्य संचालक का नाम सांवरमल भाटी (डॉ. भाटी) है, जो उस समय श्रीगंगानगर गया हुआ था। अस्पताल में डॉ. भाटी की योग्यता से संबंधित कोई भी प्रमाण पत्र निरीक्षण टीम को नहीं मिला। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि योग्यता प्रमाण पत्रों के अभाव में भाटी दांतों का अस्पताल को तुरंत प्रभाव से बंद करवाया गया। अस्पताल में कार्यरत रामचन्द्र को निर्देश दिए गए कि जल्द से जल्द डॉ. भाटी को योग्यता प्रमाण पत्रों सहित स्वास्थ्य भवन (सीएमएचओ कार्यालय) में उपस्थित होने की सूचना दे। साथ ही निर्देश दिए कि जब तक योग्यता प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाते, तब तक दुकान पूर्णत: बंद रहेगी। यदि इसके विपरीत दुकान खोली जाती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।