बीकानेर. बीकानेर में एक बार फिर फायरिंग का मामला सामने आया है। रामपुरा बस्ती में मंगलवार देर रात दो गुटों में फायरिंग हुई, इसके बाद एक युवक को घायल अवस्था में पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। नयाशहर पुलिस फायरिंग करने वाले युवकों की धरपकड़ करने में जुट गई है।
नयाशहर थानाधिकारी गोविन्द सिंह ने बताया कि रामपुरा बस्ती संख्या तीन में रहने वाले यूनुस और सौहेल के बीच आपसी रंजिश है। दोनों के बीच अर्से से विवाद चल रहा है। कई बार झगड़ा भी हुआ। इस बीच मंगलवार की देर रात दोनों आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई फायरिंग में आईदान नामक युवक घायल हो गया। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद नयाशहर पुलिस मौके पर पहुंची और धरपकड़ शुरू की। सौहेल पुत्र युनूस ने इस संबंध में नयाशहर थाने में नामजद एफआईआर करवाई है। उसने शाजिद सहित कुछ युवकों पर फायरिंग का आरोप लगाया है। इस मामले की छानबीन खुद सीओ सिटी दीपचंद कर रहे हैं।