नेहरा नगर में सीवरेज का पानी बना लोगों की परेशानी का कारण
by seemasandesh
पाइपों से निकासी की जगह सड़कों पर पसरा पानी, बदबू से लोग परेशान,12 को करेंगे सड़क जाम श्रीगंगानगर। शहरी में सीवरेज के प्रथम चरण की जिस नेहरा नगर से शुरूआत हुई थी। उसी नेहरा नगर के लोगों के लिए यह राहत पहुंचाने की जगह परेशानी का कारण बना हुआ है। सीवरेज में छोड़ी गई खामियों और प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के कारण यहां की करीब 1000 घरों की आबादी के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि आमतौर पर सड़कों पर बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति होती है। परन्तु यहां डाले गई सीवरेज की पाइपों से निकासी नहीं होती परिणाम स्वरूप यह पानी बैक मारता है और सड़कों पर पसरा रहता है। सीवर का पानी होने और सड़कों पर एकत्र रहने से यह बदबू मारने लगा है। नेहरा नगर निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि बार-बार इस संबन्ध में यूआईटी अधिकारियों को अवगत करवाया गया। परन्तु कुछ नहीं हुआ। वर्तमान में भी बिना बरसात के सड़कों पर सीवर का पानी पसरा हुआ है। जब लोग गर्मी के बचने के लिए कूलर और पंखे चलाते है। इससे से उत्पन्न बदबू घरों में पहुंच जाती है। कई बार तो इसके कारण सांस लेना तक दुश्वार हो जाता है। शर्मा ने बताया कि पहले यूआईटी द्वारा पानी भराव होने पर टैंकरों से पानी का उठाव करवाती थी,लेकिन कोरोना काल से वह भी बन्द कर दिया है। उन्होंने बताया कि रोज-रोज होने वाली इस समस्या से तंग आकर नेहरा नगर वासियों ने 12 अगस्त को सड़क जाम करने का निर्णय लिया है और यह जाम तब तक जारी रहेगा जब तक इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं हो जाता।