बॉलीवुड में अपने अविश्वसनीय योगदान के लिए जाने वाले ऐक्टर नसीरुद्दीन शाह को दो दिन पहले मुंबई के एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें निमोनिया हुआ और फिर उनके फेफड़ों में पैच पाया गया। नसीरुद्दीन की पत्नी रत्ना पाठक और उनके बच्चे भी हॉस्पिटल में उनके साथ हैं।
दो दिनों से हॉस्पिटल में एडमिट हैं नसीरुद्दीन
नसीरुद्दीन के मैनेजर ने एक इंटरव्यू में ये कंफर्म किया कि वे हॉस्पिटल में हैं और बताया, ‘वह दो दिनों से हॉस्पिटल में भर्ती हैं। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उन्हें निमोनिया होने के कारण भर्ती कराया गया है। उनके फेफड़ों में पैच पाया गया है, इसलिए उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराना जरूरी था। उनकी कंडीशन अभी स्टेबल है और उनको ट्रीटमेंट का असर भी हो रहा है।’
नसीरुद्दीन आखिरी बार ‘राम प्रसाद की तेरहवीं’ में नजर आए थे
नसीरुद्दीन का जन्म 20 जुलाई 1950 को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में हुआ था। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से अपना ग्रेजुएशन पूरा किया और फिर उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एडमिशन लिया। फिर उन्होंने 1975 में फिल्म ‘निशांत’ से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी। वो आखिरी बार फिल्म ‘राम प्रसाद की तेरहवीं’ में नजर आए थे जिसका डायरेक्शन सीमा पहवा ने किया था।