राजकीय एनएमपीजी कॉलेज में आयोजित होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह
by seemasandesh
जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह सोमवार को टाउन स्थित राजकीय एनएमपीजी कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रतिभा देवठिया की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एडीएम ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम सुबह 9 बजे राजकीय एनएम पीजी कॉलेज ग्राउंड पर प्रारंभ होगा। तत्पश्चात राष्ट्रीय गान, मुख्य अतिथि की ओर से परेड का निरीक्षण, रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़ना, मार्च पास्ट, महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन, प्रशस्ति पत्रों का वितरण, व्यायाम प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आखिर में विभिन्न विभागों की झांकी व तिरंगा रैली का आयोजन होगा। देवठिया ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। सभी सरकारी अधिकारियों व कार्मिकों को भी कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम से पहले सुबह 8 बजे जिला कलक्टर निवास पर जिला कलक्टर की ओर से ध्वजारोहण किया जाएगा। तत्पश्चात सुबह 8.15 बजे कलक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर की ओर से ध्वजारोहण किया जाएगा। जिले भर में सुबह 8 बजे सभी राजकीय कार्यालयों पर कार्यालय अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। बैठक में एडीएम ने कहा कि जिला स्तरीय कार्यक्रम में व्यायाम और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सरकारी के साथ-साथ प्राइवेट स्कूल व कॉलेजों की भी भागीदारी सुनिश्चित हो। एडीएम ने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी प्रशासन-पुलिस और पत्रकारों की टीम के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा। मैच का आयोजन जिला स्तरीय समारोह के समापन के बाद करीब 1 बजे जंक्शन स्थित जिला खेल क्लब में होगा। बैठक में एडीश्नल एसपी जस्साराम बोस, उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग समेत सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।