Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बस स्टैंड में भिक्षावृत्ति, बालश्रम करते व कचरा बिनते पांच बच्चे दस्तयाब

  • बाल कल्याण समिति, मानव तस्करी विरोधी यूनिट व पुलिस की कार्रवाई
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    बाल कल्याण समिति, मानव तस्करी विरोधी यूनिट व पुलिस ने गुरुवार को एक सूचना पर जंक्शन बस स्टैंड में संयुक्त कार्रवाई करते हुए भिक्षावृत्ति-बालश्रम करते व कचरा बिनते पांच बच्चों को दस्तयाब किया। इनमें तीन बालिकाएं व दो बालक शामिल हैं। मौके पर ही पांचों बच्चों के परिजनों को बुलाकर भविष्य में बालश्रम, भिक्षावृत्ति व कचरा बिनने का कार्य नहीं करवाने के लिए पाबंद किया। साथ ही शिक्षा के जोड़ने के लिए प्रेरित कर इन बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली कि जंक्शन बस स्टैंड में कुछ बच्चे बालश्रम व भिक्षावृत्ति कर रहे हैं। सूचना मिलने पर वे समिति की टीम, मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी इन्द्रचन्द मीणा व जंक्शन पुलिस के साथ जंक्शन बस स्टैंड पर पहुंचे। मौके पर तीन बालिकाओं व दो बालकों को भिक्षावृत्ति, बालश्रम करते व कचरा बिनते हुए दस्तयाब किया। दस्तयाब करने के बाद इन बालिकाओं व बालकों के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। बालिकाएं सुरेशिया क्षेत्र की निवासी हैं। इनके परिजनों को पाबंद किया गया है कि वे भविष्य में बच्चों से बालश्रम व भिक्षावृत्ति न करवाएं। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर भविष्य में यह बच्चे भिक्षावृत्ति या बालश्रम करते पाए गए तो परिजनों के खिलाफ बालश्रम अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवाने की कार्रवाई की जाएगी। गोयल ने बताया कि इन बच्चों को सुरेशिया में संचालित संस्कारित पाठशाला में शिक्षा ग्रहण करवाने के लिए इनके परिजनों को प्रेरित किया गया। परिजनों ने भी हामी भरी। इस पर उनसे इन बच्चों के दस्तावेज मंगवाए गए हैं। सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष ने बताया कि जिला कलक्टर नथमल डिडेल के निर्देशानुसार जिले को बालश्रम व भिक्षावृत्ति से मुक्त करने के लिए मानव तस्करी विरोधी यूनिट व पुलिस के साथ मिलकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अगर किसी भी नागरिक को कहीं भी कोई बच्चा बालश्रम-भिक्षावृत्ति करता या कचरा बीनने का कार्य करते मिलता है तो वे इसकी सूचना तुरंत बाल कल्याण समिति को देकर जागरूक होने का फर्ज अदा कर अभियान में सहयोग दें। इस कार्रवाई में बाल कल्याण समिति सदस्य अनुराधा सहारण, सुमन सैनी, मन की उड़ान फाउंडेशन के संदीप कालेरा, राकेश बसवाना आदि शामिल रहे।