Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

CM बोले- बाढ़ प्रभावित मकानों-फसलों का अलग-अलग सर्वे, चंबल खतरे के निशान से 50 फीट ऊपर

बीकानेर

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित जिलों का हवाई सर्वे किया। उन्होंने सर्वे के बाद कहा कि बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है और अब भी कई गांव पानी से घिरे हैं। हालांकि, गुरुवार को राजस्थान में मानसून की रफ्तार कम पड़ी है। बारिश का यह ब्रेक सुकून देने वाला है, लेकिन, प्रदेश के 10 शहरों में अब भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है। इस बीच टोंक की कलेक्टर चिन्मय गोपाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह 7 बजे बीसलपुर बांध के गेट खोले जाएंगे।

इधर, बड़े बांधों से रोजाना पानी छोड़ा जा रहा है, लेकिन इसके बाद भी जलस्तर कम नहीं हो रहा है। ऐसे में अब और बारिश बड़ा संकट खड़ा कर सकती है। वहीं, धौलपुर में चंबल खतरे के निशान से करीब 15 मीटर (50 फीट) ऊपर बह रही है। यहां नदी का लेवल 26 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 146.15 मीटर पर पहुंच गया है। वहीं, गुरुवार को धौलपुर में पार्वती नदी में डूबने से एक युवक की मौत भी हो गई।