कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ किया मतदान हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। कॉलेज की सरकार का भाग्य शुक्रवार को मतपेटियों में बंद हो गया। राजनीति की पहली पीढ़ी यानि छात्रसंघ चुनाव को लेकर सुबह 8 बजे शुरू हुई मतदान की प्रक्रिया दोपहर 1 बजे तक जारी रही। दो साल बाद हो रहे छात्रसंघ चुनाव में मतदान को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ वोट डाला। हालांकि सुबह मतदान का प्रतिशत धीमा रहा। लेकिन धीरे-धीरे स्टूडेंट की संख्या बढ़ी तो मतदान प्रतिशत ने भी रफ्तार पकड़ी। सभी जगह स्टूडेंट्स की कतारें लगी नजर आई। वोटिंग के लिए वोटर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कॉलेजों के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी तैनात रहे। किसी प्रत्याशी ने कॉलेज परिसर के बाहर वोट के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं के पैर पकड़कर, किसी ने घुटनों के बल बैठकर हाथ जोड़कर तो किसी ने सड़क पर लेटकर वोट देने की मिन्नत की। कॉलेज कैम्पस के बाहर खड़े रहने और वोटर्स से बात करने को लेकर कई बार पुलिस ने छात्रनेताओं को टोका। इससे पहले सुबह से ही कॉलेजों में वोटिंग के लिए छात्र-छात्राओं की लंबी लाइन लग गई। प्रत्याशी भी सुबह से वोटर्स को मतदान केन्द्र तक लाने में जुटे रहे। जिले के सबसे बड़े सरकारी कॉलेज टाउन के राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के बाहर सुबह मतदान शुरू होने से पहले ही पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में करीब 30 पुलिस कर्मियों का जाब्ता तैनात रहा। इस पूरे रास्ते को सुबह से ही ब्लॉक कर दिया गया था। बिना आईडी के किसी को भी एंट्री नहीं दी गई। राजकीय एनएमपीजी कॉलेज में मतदान के लिए बनाए गए कुल 10 पोलिंग बूथ पर मतदान हुआ। यहां 3498 मतदाता थे। इनमें से 2147 ने मत का प्रयोग किया। यहां 61.37 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे पहले दोपहर करीब पौने 12 बजे तक पंजीकृत में से आधे मतदाता मतदान का प्रयोग कर चुके थे। वोट डालने के बाद छात्र-छात्राओं का कहना था कि दो साल से कोरोना की वजह से वोट नहीं कर पाए थे। जब आज मौका मिला है तो स्टूडेंट वेलफेयर के लिए काम करने वाले प्रत्याशी को वोट किया है। राजकीय एनएमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नरेन्द्रसिंह भाम्भू व मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रामपाल अहरोदिया ने बताया कि एक बजे मतदान के बाद मतपेटियों को सील कर कोषागार में जमा करवाया गया। शनिवार को सुबह कोषागार से मतपेटियां प्राप्त कर उस दिन सुबह 10 बजे से कॉलेज के महात्मा गांधी सभागार में मतगणना की जाएगी। इसके अलावा टाउन के व्यापार मण्डल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हुई। चुनाव प्रभारी सुधीर चौधरी ने बताया कि कॉलेज में 416 मतदाता थे। इसमें से 288 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी जसप्रीत कौर, नवदीप कौर, रेणु व वन्दना, उपाध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी अंजली ग्रोवर और गायत्री चुनाव मैदान में हैं। महासचिव व संयुक्त सचिव पद के लिए किसी ने आवेदन नहीं किया। वहीं टाउन के ही एनएम लॉ कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व महासचिव पद के लिए शुक्रवार को तीन बूथों पर मतदान हुआ। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. बृजेश अग्रवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार गगन भार्गव, शिवम पाहुजा और सुधीर पूनिया चुनाव मैदान में हैं। उपाध्यक्ष व महासचिव पद पर दो-दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। संयुक्त सचिव पद पर पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। कुल 359 वोट में से 261 वोट पोल हुए। कुल 72 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला शनिवार को मतगणना के बाद होगा। शनिवार को सुबह 10 बजे मतगणना शुरू होगी। मतगणना के बाद परिणाम जारी होंगे। टाउन क्षेत्र के तीन महाविद्यालयों में हुए छात्रसंघ चुनाव के दौरान एएसपी नीलम चौधरी, सीओ प्रहलाद राय, टाउन थाना प्रभारी दिनेश सारण व महिला थाना प्रभारी मोनिका बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस कर्मी तैनात रहे।