महिला समानता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महिला समानता दिवस पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा राजीविका की ओर से जिला मुख्यालय पर स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ अशोक असीजा, एसीईओ सुनील छाबड़ा, समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक विक्रमसिंह शेखावत, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रवेश कुमार सोलंकी, अतिरिक्त कोषाधिकारी नीतू अरोड़ा, सीडीपीओ सुनीता शर्मा आदि मौजूद रहे। अतिथियों की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया। बैंक अधिकारियों की ओर से महिलाओं को चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में महिलाओं को कैसे अपने समानता के अधिकारों का उपयोग करना है, किस तरह जीवन में आगे बढ़ना है और किस तरह अपनी राह का चुनाव कर मंजिल तक पहुंचना है, इस बारे में जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं के समक्ष आ रही समस्याओं को दूर कर कैसे आगे बढ़ा जाए, इस बारे में बताया गया। अतिरिक्त कोषाधिकारी नीतू अरोड़ा ने महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, उड़ान योजना, पालनहार योजना आदि की जानकारी दी। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की ओर से राजीविका के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। अधिकारियों की ओर से प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि आने वाला समय उनके लिए बेहतर होगा। आज महिलाएं एक तिहाई पर आ गई हैं। आने वाला समय बराबर होगा। इस कार्यक्रम से पहले सुबह 11 बजे से 1 बजे तक महिला समानता दिवस को लेकर मुख्यमंत्री की वीसी हुई।