सीमा सन्देश संवाददाता
श्रीगंगानगर। प्रदेश भर में खेल दिवस के अवसर पर राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल-2022 का उल्लासपूर्वक आगाज हुआ। जिले के गंगानगर ब्लॉक का मुख्य कार्यक्रम सोमवार सुबह गांव कोठा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। सादुलशहर विधायक जगदीश चन्द्र जांगिड़, जिला कलक्टर श्रीमती रूक्मणि रियार सिहाग, सीईओ मुहम्मद जुनैद सहित अन्य अतिथियों ने ध्वजारोहण कर ओलम्पिक खेलों की शुरूआत की। विधायक जांगिड़ ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता को खेल भावना से खेलने, नशे से दूर रहने और खेलों के साथ पढ़ाई में भी अभिरुचि रखने का आह्वान किया। विधायक ने बताया कि राजस्थान सरकार युवाओं को खासतौर पर हर क्षेत्रा के खेल में प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित करने और राजकीय सेवाओं में नौकरी प्रदान करने जैसे बेहतरीन कार्य कर रही है, जिसके चलते आज प्रदेश भर के युवा खेलों में अपनी अभिरुचि दिखा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का जिक्र करते हुए अभी तक विभिन्न क्षेत्रों में हुए जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख भी किया। ग्रामीणों द्वारा पेजयल समस्या से विधायक को अवगत करवाने पर विधायक ने गांव में चल रही पेयजल समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया गया। जिला कलेक्टर श्रीमती रुकमणी रीयार ने ग्रामीण ओलंपिक द्वारा खेलों में सभी को अधिक से अधिक भागीदारी पर बल दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सबसे ज्यादा खिलाड़ी एक साथ खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। यह एक रिकॉर्ड है । जिस तरह अगले चार दिन राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक में खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उससे लिम्का बुक आॅफ रिकॉर्ड में राजस्थान का नाम दर्ज हो जाएगा।