नई दिल्ली
भारत के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल और विराट कोहली हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ मैच के दौरान शुरुआती ओवरों में रन तो बना रहे थे, लेकिन धीमे रन रेट से वह स्कोर को बढ़ा रहे थे। विराट कोहली ने कुछ ओवरों में ही बड़े शॉट खेलकर अपने इरादे साफ कर दिए थे, लेकिन दूसरे छोर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लंबे वक्त के बाद वापसी कर रहे केएल राहुल के लिए रन बनाना आसान नहीं हो रहा था। ग्रुप ए के अपने आखिरी लीग स्टेज मैच में केएल राहुल 39 गेंद में 36 रन बनाकर पवेलियन लौटे। ये उनकी सबसे धीमी पारियों में से एक थी। 13वें ओवर में उनके आउट होने के बाद सूर्यकुमार मैदान पर उतरे और उन्होंने अपनी पारी से मैच में भारत का पलड़ा भारी कर दिया था। सूर्यकुमार ने 26 गेंदों में 68 रन की दमदार पारी खेली।