गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां परवान पर हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। टाउन के शहीद बाबा सुखासिंह शहीद बाबा महताब सिंह गुरुद्वारा में हर साल की भांति इस बार भी 8, 9 व 10 सितम्बर को सालाना शहीदी जोड़ मेला भरेगा। जोड़ मेले के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा साहिब में 21 जुलाई से इकोतरी साहिब के श्री अखंड पाठ चल रहे हैं। मुख्य मेला 9 सितम्बर को भरेगा। मुख्य मेले के दिन श्री अखंड पाठ का भोग डाला जाएगा। सालाना शहीदी जोड़ मेले के संबंध में शुक्रवार को गुरुद्वारा साहिब में आयोजित प्रेस वार्ता में बाबा जोगासिंह ने बताया कि 9 सितम्बर को श्री अखंड पाठ के भोग के दिन दीवान सजाए जाएंगे। इसमें हजूरी रागी करनैल सिंह, ढाडी जत्था तरसेम सिंह, मनमोहन सिंह प्रवचनों से संगत को निहाल करेंगे। अटूट लंगर बरताया जाएगा। 10 सितम्बर को अमृत संचार का कार्यक्रम होगा। इलाके की साध-संगत के सहयोग से शहीदी जोड़ मेला मनाया जा रहा है। पिछले दो साल कोरोना काल के कारण बड़े स्तर पर जोड़ मेले का आयोजन नहीं किया जा सका। जोड़ मेले को लेकर इस बार संगत में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पंथ रत्न सिंह साहिब जत्थेदार बाबा बलवीर सिंह की देखरेख में कार सेवा आदि कार्य किए जा रहे हैं। जोड़ मेले को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। लगातार 24 घंटे लंगर की सेवा चल रही है। दूर-दराज से आने वाली संगत के अलावा जरूरतमंद लोगों को लंगर ग्रहण करवाया जाता है। प्रेस वार्ता में जग्गासिंह, रमेश मुटनेजा, अनिल कुमार, कश्मीरा सिंह, राजासिंह, लाभसिंह, गुरजंट सिंह, कमलजीत सिंह, जसवीर सिंह, परमजीत सिंह, बिट्टासिंह, भोलासिंह सहित अन्य सेवादार मौजूद थे।