Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

इस साल होगा रामलीला का भव्य आयोजन, झंडारोहण के साथ रिहर्सल की शुरुआत

  • स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति के तत्वावधान में पिछले 35 वर्षों से हो रहा रामलीला का मंचन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन की भट्ठा कॉलोनी में स्वामी विवेकानंद रंगमंच पर हर साल की भांति इस बार भी स्वामी विवेकानंद रंगमच सेवा समिति के तत्वावधान में रामलीला का आयोजन किया जाएगा। इस कड़ी में गुरुवार रात्रि को झंडारोहण के साथ रिहर्सल की शुरुआत की गई। नगर परिषद की पूर्व उपसभापति नगीना बाई, भाजपा नेता अमित सहू, पार्षद गुरदीप सिंह बराड़, पूर्व पार्षद देवेंद्र पारीक व विश्व हिन्दू परिषद के आशीष पारीक ने विधि-विधान से झंडारोहण किया। इस मौके पर भाजपा नेता अमित सहू ने कहा कि उम्मीद है कि रामलीला श्रीराम के जीवन का जिस तरह से चित्रण करती आई है उसी तरह से इस बार भी श्रीराम के जीवन का चित्रण अलग-अलग किरदार के जरिए चित्रण किया जाएगा। आशीष पारीक ने कहा कि गंगा जमुनी तहजीब को संजोए हुए स्वामी विवेकानंद सेवा समिति एक उदाहरण है आपसी प्रेम और भाईचारे का। इस मौके पर बाल कल्याण सेवा समिति सदस्य विजय चौहान व देवेंद्र पारीक ने कहा कि स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामलीला का आयोजन कर रही है। उम्मीद है कि इस बार भी रामलीला का मंचन भव्य होगा और लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ श्रीराम के जीवन के बारे में सीखने का मौका मिलेगा। उन्होंने समिति को हरसंभव सहयोग के लिए आश्वस्त किया। स्वामी विवेकानंद सेवा समिति अध्यक्ष गुलाम नबी ने बताया कि इस बार की रामलीला भव्य रुप से दिखाई जाएगी। अनेकों ऐसे दृश्य दिखाए जाएंगे जो पहले कभी नहीं दिखाए गए। इस बार रामलीला से काफी युवा भी जुड़े हैं जोकि नई ऊर्जा के साथ रामलीला में अपने-अपने किरदार निभाएंगे। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय की एकमात्र रामलीला है जो लगातार 35 वर्षों से खेली जा रही है। इस वर्ष भी रामलीला का मंचन बेहतर ढंग से किया जाएगा। इस बार लोगों को इस रामलीला के माध्यम से श्रीराम के जीवन के बारे में बताया जाएगा। समिति प्रवक्ता अमित तिवारी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति की ओर से खेली जा रही रामलीला किसी को भी निराश नहीं करेगी और इस बार अलग देखने को मिलेगा। समिति सदस्य आसिफ खान ने बताया कि समिति की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरे का आयोजन किया जाएगा। दशहरे के दिन भव्य आतिशबाजी की जाएगी। इस मौके पर मानव तिवारी, राजेंद्र शर्मा, राजन शर्मा, मोहित गुप्ता, अनिल सिंघल, महावीर कश्यप, सूरज कुमार, असलम खान, आकाश कुमार, भानु आदि मौजूद रहे।