Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

प्रशिक्षक व खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार

  • एसकेडी में डायमण्ड आॅफ स्पोर्ट्स कार्यक्रम आयोजित
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में क्षेत्र के कुशल व होनहार खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों के सम्मान में शुक्रवार को समारोह विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में श्री खुशाल दास स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से अंतराष्ट्रीय, राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय खिलाड़ियों तथा क्षेत्र के गणमान्य खेल प्रशिक्षकों को खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के मेजर जनरल प्रीतम बिश्नोई, भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, जीवेम समूह के डॉ. दिलीप मोदी, पैरा ओलम्पियन संदीप मान, सामाजिक कार्यकर्ता नरेश मेहन, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, सविता पूनिया, कोच बसंत मान ने शिरकत की। मेजर जनरल प्रीतम बिश्नोई ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को खेलों के महत्व के बारे में बताते हुए देश सेवा से जुड़कर अपने भविष्य को सुदृढ़ बनाने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया। यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जनरल गिरीश चावला ने बताया कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में नौ संकायों के अन्तर्गत 128 पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी ने अभी आगे बढ़ना शुरू ही किया था कि कोरोना वैश्विक महामारी के कारण गति धीमी जरुर हुई लेकिन वर्तमान समय में उच्च शिक्षा के प्रति अलख जलाने के लिए विश्वविद्यालय पूरी ऊर्जा के साथ प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय को एसोचेम, नई दिल्ली की ओर से वर्ष 2021 में बेस्ट एमर्जिंग अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। सामाजिक सरोकारों के लिए भी श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय सम्मानित हो चुका है। विश्वविद्यालय में समय-समय पर राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक व खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन होता रहता है। इसी वर्ष 2022 में विश्वविद्यालय की ओर से अन्वेषिका विज्ञान प्रदर्शनी 2022 किसान मेला 2022, राष्ट्रीय अन्तर विश्वविद्यालयी मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन तथा महामुद्रा आसन का गोल्डन बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज हुआ। मलखंभ प्रतियोगिता के दौरान पूरे भारत वर्ष के 22 राज्यों से 75 विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। गत सत्र 2021-22 में एआईयू की ओर से आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय की 39 टीमों ने हिस्सा लिया। वर्तमान समय में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में 18 खेल मैदानों की सुविधाएं खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के खेल मैदान भारतवर्ष का गौरव बढ़ाने के लिए कॉमनवेल्थ एशियन गेम्स व ओलम्पिक खेलों में भी स्वर्णिम परचम लहराएंगे।