-35 हजार 500 रूपए, मोबाईल फोन ले गए थे युवक
श्रीगंगानगर (सीमा संदेश)। शहर की एक गैस एजेंसी के होम डिलीवरी करने वाले सप्लायर से तीन युवकों ने चाकू की नोक पर नगदी व मोबाइल फोन इत्यादि लूट लिए। पीड़ित ने पुलिस को आपबीती बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। मामले में पुलिस ने वारदात करने वाले तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी आनंद शर्मा के अनुसार साधुवाली वार्ड नंबर 09 निवासी बलराम पुत्र बनवारी लाल ने जवाहरनगर पुलिस थाने में एक रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि परिवादी इंडेन गैस एजेंसी में होम डिलेवरी का काम करता है। रोजाना की तरह गुरूवार को शाम करीब 5:50 बजे टैÑक्टर ट्रॉली से गैस सिलेंडर की सप्लाई कर साधुवाली से आ रहा था। इस दौरान जैड माईनर से चार जैड के बीच एक बाइक सवार तीन युवकों ने परिवादी को आवाज देकर ट्रैक्टर के सामने बाइक लगा दी। उक्त तीन युवकों में एक सुखजिंद्र सिंह नामक युवक था, जो कि अपने गांव के पवनदीप सिंह व अनिल मेघवाल के साथ आया था। तीनों ट्रैक्टर पर चढ़ गए और पवनदीप व अनिल मेघवाल ने चाकू दिखाकर परिवादी से बैग छीन लिया। बैग में गुरूवार के सिलेंडरों की बिक्री के 35 हजार 500 रूपए व एक मोबाइल फोन था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर टीम का गठन किया। मामले में मोहनपुरा निवासी उक्त तीनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।