राजकोट
भारतीय जनता पार्टी के सांसद और भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने शनिवार को आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को देश का ‘सबसे बड़ा यू-टर्न’ नेता बताया। सूर्या ने कहा कि गुजरात के युवा उनकी ‘रेवड़ी और बेवड़ी’ राजनीति को खारिज कर देंगे। भाजयुमो अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की राजनीति में कोई साख और ईमानदारी नहीं है।
राजकोट शहर में केजरीवाल के संवाददाता सम्मेलन के कुछ ही देर बाद सूर्या ने कहा कि ‘आप’ नेता के दिल्ली में अच्छे स्कूलों, मोहल्ला क्लीनिक और स्वच्छ राजनीति के दावों का भाजपा ने पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई का छापा, स्वच्छ राजनीति के केजरीवाल के दावों के ताबूत में आखिरी कील थी। सीबीआई ने दिल्ली की आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार को लेकर पिछले महीने सिसोदिया के आवास पर छापा मारा था।
गुजरात के युवाओं ने राज्य की विकास यात्रा को गति प्रदान करने की कसम ली
दिल्ली सरकार की विवादित आबकारी नीति का संदर्भ देते हुए बेंगलुरु दक्षिण सीट से सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा कि गुजरात के युवाओं ने राज्य की 30 साल की विकास यात्रा को गति प्रदान करने की कसम ली है। पक्का है कि गुजरात के युवा रेवड़ी और बेवड़ी की राजनीति को जरा सी भी जगह नहीं देंगे।
हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘रेवड़ी संस्कृति’ वाली टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया मिल रही है। उन्होंने यह टिप्पणी विपक्षी, खासतौर से ‘आप’ द्वारा वोट पाने के लिए मुफ्त में चीजें देने के वादे पर की है।
सूर्या ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की राजनीति बिना साख और ईमानदारी की है। वह देश के सबसे बड़े यू-टर्न नेता हैं। यहां तक कि उनकी राजनीति भी ऑड-ईवन के हिसाब से चलती है। उनके बयानों को गुजरात और देश के युवा गंभीरता से नहीं लेते हैं।
बाइक रैली में भाग लेने के लिए राजकोट आए थे सूर्या
सूर्या भाजयुमो कार्यकर्ताओं और भाजपा के स्थानीय नेताओं के साथ बाइक रैली में भाग लेने के लिए राजकोट आए हुए थे। उनका दौरा और केजरीवाल का ‘घर-घर’ अभियान एक ही वक्त पर चल रहा है। सूर्या ने कहा कि दिल्ली में ‘आप’ के शासन’ के ट्रैक रिकॉर्ड का भाजपा ने पर्दाफाश कर दिया है।