श्रीगंगानगर
जिले के रायसिंहनगर इलाके में गांव 36 पीएस में डिग्गी में गिरने से युवक की मौत हो गई। युवक अपने मामा के घर किसी की शादी में आया हुआ था। वह गुरुवार तक विवाह समारोह में शामिल था। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव 36 पीएस में डिग्गी में मिलने से सनसनी फैल गई। ननिहाल के लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही विवाह के घर में मातम पसर गया। युवक पंजाब के गांव शेरेवाला का रहने वाला था। पुलिस ने शव डिग्गी से निकलवाकर रायसिंहनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवा दिया। दोपहर तक पुलिस युवक के परिजनों का इंतजार कर रही थी। उसके परिजनों के आने पर ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
ग्रामीणों ने शव देखा तो दी पुलिस को सूचना
गांव 36 पीएस की पानी की डिग्गी में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना रायसिंहनगर पुलिस को दी। एसएचओ गणेश कुमार मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। उन्होंने आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली। मृतक के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई तथा उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि पंजाब के गांव शेरेवाला का रहने वाला मनोज कुमार गांव 36 पीएस में अपने ननिहाल में बलराम जाट के घर शादी में आया था। गुरुवार रात तक वह शादी के कार्यक्रमों में शामिल था। इसी दौरान किसी समय वह घर से निकल गया। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव 36 पीएस में पानी की डिग्गी में मिला।
रायसिंहनगर एसएचओ गणेश कुमार ने बताया कि युवक डिग्गी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत के पीछे क्या कारण रहे इसके बारे में खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस को अब तक इस बारे में परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।