सर्वे करवा प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा देने की मांग
by seemasandesh
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। लम्पी स्किन डिजीज से हुए गोधन के नुकसान का सर्वे कर प्रभावित पशुपालकों को मुआवजा देने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप और भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट के सामने इकट्ठा हुए और कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान में पिछले तीन माह से लम्पी वायरस ने गोमाता पर कहर बरपा रखा है। इस जानलेवा वायरस से अब तक प्रदेश में एक लाख से अधिक गोवंश की मृत्यु हो चुकी है। साथ ही दस लाख से ज्यादा गोवंश इस बीमारी से संक्रमित है। बावजूद इसके सरकार की ओर से अब तक किए गए प्रयासों में न गंभीरता है और न ही संवेदशीलता। भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने कहा कि लम्पी स्किन डिजीज से जिले में भी गोधन का भारी नुकसान हुआ है। पश्चिमी राजस्थान में किसानों के लिए गोधन अर्थव्यवस्था का बहुत बड़ा साधन है। वर्तमान में फैली भयानक बीमारी की चपेट में आने से गोधन खत्म हो रहा है। संपूर्ण प्रदेश में हजारों की संख्या में गोधन जगह-जगह पर मृत पड़ा है। इसके कारण जहां प्रदेश के बहुसंख्यक समाज की भावनाएं आहत हो रही है वहीं किसी महामारी के फैलने की आशंका भी प्रबल हो रही है। जिन पशु पालकों ने विभिन्न बीमा कंपनियों से अपने गोधन का बीमा करवाया है, वह बीमा कंपनियां अब क्षतिपूर्ति करने में असर्मथता व्यक्त कर रहीं है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रदेश में सर्वे करवा कर सरकार तुरंत प्रति पशु मुआवजा जारी करे। सरकार पशुपालन विभाग में तुंरत चिकित्सा कर्मियों व अन्य पदों पर आपात भर्ती करे। इस बीमारी को तुंरत राज्य आपदा घोषित किया जाए। तेजी से फैल रही इस बीमारी से गोधन को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जाए। बीमा कंपनियों की ओर से क्षतिपूर्ति करने में असमर्थता व्यक्त करने के चलते संबंधित पशुपालकों का एक अल्पकालिक सर्वेक्षण करवा कर उसकी क्षतिपूर्ति की व्यवस्था बीमा कंपनी से या सरकार स्वयं करे। गोपालकों को नया पशुधन खरीदने के लिए ब्याज रहित ऋण दिया जाए। गोशालाओं का अनुदान तुंरत जारी किया जाए। सरकार बिना विलम्ब किए मृत गोधन के शवों की पूर्णत: वैज्ञानिक तरीके से धार्मिक रीति-रिवाज के साथ निस्तारण की व्यवस्था करे। इस मौके पर संगरिया विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी, जिला महामंत्री जुगल किशोर गौड़, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मुरलीधर सोनी, कार्यालय प्रभारी गुरविन्द्र सिंह, मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष अरुण खिलेरी, नगर मंडल अध्यक्ष व पार्षद प्रदीप ऐरी, चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक भुवनेश्वर ग्रोवर, खेमचंद सिंधी, मंडल अध्यक्ष पवन श्रीवास्तव, लेखराम जोशी, गुरविंद्र मान, जिला उपाध्यक्ष शिमला मेहंदीरत्ता, गुंटर डोडा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।