Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

षड्यंत्रपूर्वक विजेता टीम को अपात्र घोषित करने का आरोप

  • खिलाड़ियों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंप की कमेटी बनाकर जांच करने की मांग
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    हाल ही में ग्राम पंचायत स्तर पर सम्पन्न हुए राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल विवादों के घेरे में आ गए हैं। रावतसर तहसील में हुए इस आयोजन में हिस्सा लेने वाली ग्राम पंचायत 25 आरडब्ल्यूडी के गांव गांधीनगर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं की टीम ने आयोजन समिति पर षड्यंत्रपूर्वक विजेता रही गांधीनगर की टीम को अपात्र घोषित करने का आरोप लगाया। छात्रा खिलाड़ियों ने इस प्रकरण की कमेटी गठित कर जांच करवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर नथमल डिडेल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान गांधीनगर की खो-खो टीम की कप्तान निशा ने बताया कि रावतसर तहसील की ग्राम पंचायत 25 आरडब्ल्यूडी में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के तहत गांधीनगर व लालपुरा के मध्य महिला खो-खो का फाइनल मैच खेला गया। इसमें गांधीनगर की टीम विजेता रही। लेकिन विवाद होने पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा रावतसर के आदेश की पालना में वही मैच दोबारा चक 4 एएम के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में ब्लॉक लेवल के शारीरिक शिक्षक की ओर से करवाया गया। उसमें पुन: गांधीनगर की महिला खो-खो टीम विजेता रही। लेकिन लालपुरा की पीईओ लेवल की आयोजन समिति ने गांधीनगर की दो बार की फाइनल विजेता टीम को यह कहकर अपात्र घोषित कर दिया कि विजेता टीम में 4 खिलाड़ी अन्य ग्राम पंचायत के हैं। जबकि जिन खिलाड़ियों को अपात्र घोषित किया गया वह शाला रिकॉर्ड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गांधीनगर ग्राम पंचायत 25 आरडब्ल्यूडी में वर्तमान समय में अध्ययनरत हैं। इनमें निशा पुत्री जयप्रकाश निवासी कनवानी, कविता पुत्री रमेश निवासी दासूवाली, खेतु कुमारी पुत्री इन्द्राज निवासी रासूवाली व पूजा सोलेड़ा पुत्री जयचंद निवासी 5 एसपीएम शामिल हैं। छात्रा निशा ने बताया कि खेल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के केवल मात्र राज्य का निवासी होने पर ही प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अनिवार्यता लागू थी। परन्तु आयोजन कमेटी की ओर से केवल मात्र अपने विद्यालय की हारी हुई टीम को ब्लॉक स्तर पर खिलवाने के लिए षड्यंत्रपूर्वक कार्य करते हुये विजेता गांधीनगर की टीम को अपात्र घोषित करते हुए प्रतियोगिता से बाहर कर अपनी टीम का पक्ष लेते हुए ब्लॉक स्तर पर खेलने के लिए भेजने का प्रयास किया जा रहा है। छात्रा खिलाड़ियों का आरोप था कि खेल के लिए राज्य सरकार की ओर से गठित की गई आयोजन समिति में सभी नियमों की अवेहलना करते हुए संविदा कर्मी पंचायत सहायक को शामिल किया गया है जो भी अपने आप में संदेहास्पद है। उन्होंने इस प्रतियोगिता में हुई नियमों की अवहेलना व विजेता टीम को अपात्र घोषित करने के प्रकरण की अपने स्तर पर कमेटी गठित कर जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सक्षम कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला खेल अधिकारी, रावतसर के नायब तहसीलदार व रावतसर के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को भी सौंपी गई है।