Thursday, May 14निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पंजाब में खालिस्तानी आतंकवादियों का बड़ा खुलासा, तरनतारन के 16 व्यापारियों को धमकी देकर वसूले थे 4 करोड़ रुपये

तरनतारन। आठ सितंबर को जम्मू-कश्मीर, राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग स्थित कस्बा सरहाली के पास डेढ़ किलो इंप्रोवाइजड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आइईडी) समेत पकड़े गए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआइ) के तीन आतंकियों ने खुलासा किया है कि कनाडा में रहते लखबीर सिंह लंडा व पाकिस्तान में बैठे हरविंदर सिंह रिंदा के इशारे पर तरनतारन जिले से संबंधित 16 व्यापारियों से चार करोड़ की राशि वसूली जा चुकी है।
वे वसूली गई राशि से नशा बेचने के लिए अपना जाल मजबूत बनाते थे। साथ ही, विदेश से आने वाली हवाला राशि से हथियार और विस्फोटक सामग्री खरीदकर पंजाब के महानगरों को दहलाना चाहते थे। इस कार्य के लिए पाक की आइएसआइ द्वारा फिरोज और कालू नाम के समगलरों को कमांड दे रखी है। यह दोनों पाक समगलर लंडा और रिंदा के लगातार संपर्क में रहते है।
बीकेआइ के आतंकी नछत्तर सिंह मोती, हरप्रीत सिंह बिल्ला, सुखदेव सिंह शेरा से पूछताछ के दौरान विदेशी असले के अलावा 8 बैंक खातों की डिटेल हाथ लगी है। यह वही खाते हैं जिनके माध्यम से विदेश से फंडिंग होती रही।
पुलिस सूत्रों की माने तो जिला तरनतारन से संबंधित 16 व्यापारियों से करीब 4 करोड़ की राशि वसूलकर पंजाब में आइईडी का जाल बिछा चुके हैं। पाक द्वारा ड्रोन के माध्यम से आइईडी, विदेशी हथियार और हेरोइन की खेप पंजाब में आसानी से पहुंचाई जाती रही है। हालांकि यह ड्रोन किस क्षेत्र में आते रहे, इस बाबत अभी पुख्ता जानकारी हाथ नहीं लग पाई।
नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआइए) ने भी सोमवार को बीकेआइ से संबंधित तीनों आतंकियों से करीब आधा घंटा पूछताछ की। पूछताछ के दौरान एनआइए के डीएसपी और स्थानीय पुलिस के एसपी के अलावा बाहरी जिले की महिला एसपी ने भी भाग लिया।
समझा जाता है कि पुलिस के हाथ ऐसी जानकारी लग चुकी है, जिसके माध्यम से आइईडी के प्रयोग स्थान का खुलासा हो सकता है। उधर, तीनों आतंकियों को मंगलवार दोबारा स्थानीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है। एसपी (आइ) विशालजीत सिंह कहते है कि पुख्ता जानकारी के आधार पर आरोपितों का दोबारा पुलिस रिमांड लिया जाएगा। ताकि राष्ट्र विरोधी नेटवर्क को तोड़ा जा सके।