ग्रामीण ओलंपिक खेलों के आयोजन से निखरेगी प्रतिभा : विधायक
by seemasandesh
राजीव गांधी स्टेडियम में हुआ ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिले भर में सोमवार से राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल के अंतर्गत चार दिवसीय ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आगाज हुआ। प्रतियोगिताओं के शुभारंभ मौके पर ब्लॉक स्तरीय उद्घाटन समारोह आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय पर जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का उद्घाटन समारोह हुआ। कार्यक्रम में विधायक चौधरी विनोद कुमार, जिला प्रमुख कविता मेघवाल व जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने ध्वजारोहण कर ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल का उद्घाटन किया। ओलंपिक खेल के उद्घाटन के बाद विधायक की ओर से राजीव गांधी स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद हॉकी ग्राउंड का लोकार्पण भी किया गया। हॉकी का खेल मैदान नगर परिषद की ओर से तैयार करवाया गया है। ओलंपिक खेल के ब्लॉक स्तरीय उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि ब्लॉक स्तर से पहले ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में गांव के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर गांव की प्रतिभाएं अब ब्लॉक स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर रही हैं। विधायक ने राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोगों ने इस आयोजन को एक उत्सव की तरह मनाया है। ग्राम पंचायत स्तर पर राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल के आयोजन के दौरान प्रत्येक गांव में उत्साह देखने को मिला। इन आयोजनों से टीमों में और निखार आएगा और वे राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगी। उम्मीद है इस तरह की पहल से आने वाले समय में हिन्दुस्तान में खिलाड़ियों की कमी नहीं रहेगी और गांव की प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए उचित मंच उपलब्ध होगा। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के अनुसार 29 अगस्त से पूरे प्रदेश में ग्राम पंचायतों से राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों की शुरूआत हुई थी। चार दिन चले आयोजन में ग्राम पंचायत स्तर पर छह खेलों में जिन टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया उन खिलाड़ियों व टीमों के खिलाड़ी आज से ब्लॉक स्तर पर अपना दमखम दिखा रहे हैं। डिडेल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राजस्थान में खेल का माहौल बनाने के लिए राष्टÑीय और अंतरराष्टÑीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 230 खिलाड़ियों को आउट आॅफ टर्न राजकीय नौकरी दी है। जगह-जगह पर खेल के स्टेडियम, इनडोर स्टेडियम, ट्रैक सहित खेल की अन्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं और प्रशिक्षण मिल रहा है। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों ने इस माहौल में चार चांद लगा दिए हैं। हर जगह इन खेलों के प्रति उत्साह है। प्रयास है कि आने वाले खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं मिलें। इस प्रकार के आयोजन से भविष्य में और अच्छे आयोजन करवाए जाने के लिए सीख भी मिलेगी। डिडेल ने कहा कि राजीव गांधी स्टेडियम में हॉकी का खेल मैदान बनने से हॉकी के खिलाड़ियों को खेलने और सीखने का मौका मिलेगा। इससे खिलाड़ियों की प्रतिभा भी निखरेगी।