हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के वोकेशनल ट्रेड टेलीकॉम के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन रेलवे स्टेशन का भ्रमण किया। बच्चों ने रेलवे स्टेशन की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा। बच्चों ने रेल के आवागमन, समय प्रबंधन, मालगाड़ी व सवारी गाड़ी में अंतर, रेलवे नेटवर्क, टिकट विंडो व टिकट बुकिंग आदि को समझा। इस दौरान रेलवे अधिकारियों की ओर से छात्र-छात्राओं को रेलवे स्टेशन पर संचार नेटवर्क आदि की जानकारी दी गई। बच्चों ने रेलवे स्टेशन पर स्थापित संरक्षण सर्वोपरि सेफ्टी म्यूजियम का भी अवलोकन किया। गाड़ी संचालन आॅफिस का भी बच्चों को विजिट कराया गया। स्टेशन अधीक्षक नगेन्द्र प्रताप सिंह ने बच्चों को गाड़ियों के संचालन के संबंध में जानकारी दी। विद्यालय में टेलीकॉम की वोकेशनल ट्रेनर दीप्ति बंसल ने बताया कि स्किल एजुकेशन केन्द्र सरकार की ओर से चलाई गई चार साल की स्कीम है ताकि ऐसे बच्चे तो कक्षा 12 के बाद आगे पढ़ाई नहीं करना चाहते वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। इसमें कई ट्रेड हैं। उनके विद्यालय में वोकेशनल में दो ट्रेड हैं टेलीकॉम और प्लम्बर। टेलीकॉम ट्रेड के बच्चों को इंटरनेट के बारे में जानकारी दी जाती है।