सरस्वती कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित हुआ समारोह हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जंक्शन के सरस्वती कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को आयोजित समारोह में अलग-अलग कक्षाओं में टॉपर रही 17 बेटियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में मौजूद रहे नगर परिषद सभापति व कॉलेज का संचालन करने वाली जन कल्याण समिति के अध्यक्ष गणेश राज बंसल, सचिव अमरनाथ सिंगला व प्राचार्य डॉ. श्याम सुन्दर शर्मा ने प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित करते हुए उनकी हौसला अफजाई की। अतिथियों ने अपने संबोधन में भविष्य में इन बेटियों से और अधिक मेहनत कर अपना, अपने माता-पिता व संस्थान का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। सभापति गणेश राज बंसल ने कहा कि समिति का प्रयास है कि कॉलेज में बेटियों को बेहतर शिक्षा मिले ताकि वे भी उच्च शिक्षा हासिल कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें। उन्हें किसी सहारे की जरूरत न रहे। जन कल्याण समिति सचिव अमरनाथ सिंगला ने कहा कि अपनी-अपनी कक्षाओं में टॉपर रही इन बेटियों को सम्मानित कर वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इन बेटियों की उपलब्धि से कॉलेज का नाम रोशन हुआ है। उन्होंने गोवंश में फैली लम्पी स्किन डिजीज पर रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की कड़ी में संस्था की छात्राओं की ओर से आर्थिक सहयोग एकत्रित कर जिला प्रशासन को सौंपने के कार्य की भी सराहना की। कॉलेज प्राचार्य डॉ. श्यामसुन्दर शर्मा ने बताया कि कॉलेज की एमए फाइनल की छात्रा नीरू, पंजाबी में मनप्रीत कौर, बीएससी फाइनल में सुमन व अनंतपाल, बीए फाइनल में मनप्रीत कौर, खुशी गुलाटी, प्रियंका, टीना, बीएससी द्वितीय वर्ष में करीना, इन्द्रपाल, बीए द्वितीय वर्ष में गौरी, नजमा, बीएससी प्रथम वर्ष में आरती व मुस्कान व बीए प्रथम वर्ष में आकांक्षा व सपना ने वरीयता सूची में स्थान हासिल कर कॉलेज को गौरवान्वित किया। इस मौके पर डॉ. कंचन शर्मा, सुलोचना बेनीवाल, प्रियंका तंवर, सुमन सुथार, ज्योति, सुनील, प्रदीप, रोहित, सन्नी, सरिता, छात्रसंघ अध्यक्ष पूजा डूडी सहित अन्य छात्राएं मौजूद थीं।