Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पदोन्नति नहीं मिलने से नाराज जेईएन बेमियादी हड़ताल पर, कार्य प्रभावित

  • पांच दिन से जयपुर में चल रहा धरना
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सहायक अभियंता की भर्ती को निरस्त करने एवं वर्ष 2011 से 2013 में भर्ती सभी कनिष्ठ अभियंताओं को सहायक अभियंता के पद पर पदोन्नत करने की मांग को लेकर नगरीय निकाय के कनिष्ठ अभियंता पांच दिन से बेमियादी हड़ताल पर हैं। अपनी मांगों को लेकर कनिष्ठ अभियंता पिछले पांच दिनों से जयपुर में धरना दे रहे हैं। हड़ताल के कारण नगरीय निकायों में कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हनुमानगढ़ से भी नगर परिषद व नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता जयपुर में चल रहे धरने में शामिल हैं। हनुमानगढ़ नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता मेघराज सिंह, प्रेमदास, धीरज कुमार, सत्यवीर कटारिया, पीलीबंगा नगर पालिका से गोपीकृष्ण, संगरिया से मुकेश कुमार, सुरेंद्र प्रताप आदि धरने पर बैठे हैं। आंदोलन कर रहे कनिष्ठ अभियंताओं ने बताया कि 2011 और 2013 में नगर पालिकाओं में कनिष्ठ अभियंता की भर्ती की गई थी। उसके बाद नौ से दस साल बीत चुके हैं लेकिन पदोन्नति की कार्रवाई स्वायत्त शासन विभाग की ओर से नहीं की जा रही है। इतने लम्बे समय बाद भी इसे दरकिनार कर राज्य सरकार सहायक अभियंताओं की नई भर्ती निकाल रही है। गौरतलब है कि कार्य बहिष्कार शुरू करने से पहले 12 सितम्बर को प्रदेश भर की नगर निकायों के कनिष्ठ अभियंता की ओर से अपने-अपने जिलों के कलक्टर को ज्ञापन सौंपे गए थे। जिला कलक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से जारी की गई भर्ती में सहायक अभियंता सिविल की भर्ती को निरस्त करवाने एवं राजस्थान नगरपालिका अधिनियम के (प्रशासनिक एवं तकनीकी सेवा) एवं (अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा) अभियांत्रिकी संवर्ग में भर्ती अनुसार संशोधन कर 10 दिवस में सभी 319 कनिष्ठ अभियंताओं को सहायक अभियंता पद पर पदोन्नत करने का की मांग करते हुए कहा गया कि इन सभी को लगभग 10 वर्ष से अधिक विभाग में कार्य करने का अनुभव प्राप्त है। वहीं जो नए 41 सहायक अभियंता विभाग में आएंगे उनका कार्य अनुभव शून्य होगा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई थी कि 2 दिन में इन मांगों पर कार्रवाई न होने पर प्रदेश भर के सभी कनिष्ठ अभियंता कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।