मुंबई
भारत की दिग्गज क्रिकेटर मिताली राज ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 75* रन की पारी खेलते ही सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स के रिकॉर्ड को तोड़ा। 1999 में 16 साल की उम्र में डेब्यू करने वाली मिताली का क्रिकेट का सफर रिकॉर्ड से भरा रहा है।
उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में ही सेंचुरी लगाई थी। इसके बाद 21 साल के क्रिकेटिंग करियर में उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़े और बनाए। भारत के मेन्स और विमेंस दोनों कैटेगरी के क्रिकेट की बात करें, तो सचिन तेंदुलकर के बाद उनका क्रिकेटिंग करियर सबसे ज्यादा है। सचिन का क्रिकेटिंग करियर 24 साल का रहा है।

मिताली राज ने 26 जून, 1999 को आयरलैंड के खिलाफ मिल्टन केन्स में 16 साल 205 दिन की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। यह एक वनडे मैच था। मिताली ने इसमें 114 नॉटआउट रन की पारी खेली थी।
मिताली ने 16 साल 205 दिन की उम्र में सेंचुरी लगाई थी। वे मेन्स और विमेंस क्रिकेट में इंटरनेशनल क्रिकेट में सेंचुरी लगाने वालीं सबसे युवा प्लेयर हैं।

21 नवंबर, 2005 को दिल्ली में हुए इंग्लैंड के खिलाफ मैच में मिताली टेस्ट क्रिकेट में इंडियन विमेंस टीम की हाईएस्ट रन स्कोरर बन गईं। उन्होंने अंजू जैन के 2170 रन को पीछे छोड़ा।
12 जुलाई, 2017 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्टल वनडे में वे एक दिवसीय मैच में भारतीय महिला टीम की सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं। वे महिला क्रिकेट में ओवरऑल सबसे पहले 6000 रन बनाने वाली बल्लेबाज भी हैं।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के दौरान मिताली राज। उन्होंने इसी सीरज में इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे किए।
12 मार्च, 2021 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ लखनऊ में हुए वनडे में उन्होंने एक और कीर्तिमान अपने नाम किया। वे विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाली दूसरी महिला बल्लेबाज बनीं। 14 मार्च, 2021 को मिताली ने विमेंस क्रिकेट में सिर्फ वनडे में 7000 रन बनाने वाली पहली बल्लेबाज बन गईं। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे में यह रिकॉर्ड बनाया।

3 जुलाई, 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में मिताली ने 75 रन की पारी खेली। मिताली विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में लीडिंग रन स्कोरर बन गईं। उन्होंने इंग्लैंड की पूर्व कप्तान चार्लोट एडवर्ड्स को इस मामले में पीछे छोड़ा। एडवर्ड्स ने 10, 273 रन बनाए थे, जबकि मिताली के नाम 317 मैचों में 10,337 रन हो गए हैं।

मिताली ने वनडे में 7304 रन बनाए हैं। विमेंस वनडे में उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज 6000 से ज्यादा रन नहीं बना पाया है। इस फॉर्मेट में मिताली सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप-10 महिला बल्लेबाजों में अकेली हैं, जिनका बैटिंग एवरेज 50 से ज्यादा है।
मिताली ने विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान 6015 रन बनाए हैं। वे इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं। इस मामले में उनसे आगे इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स हैं। चार्लोट ने बतौर कप्तान 220 मैचों में 6,728 रन बनाए हैं। मिताली ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में जीत के बाद बतौर कप्तान बेलिंडा क्लार्क के 83 वनडे में जीत के रिकॉर्ड को भी तोड़ा।

मिताली ने 87 बार फिफ्टी या 50 प्लस का स्कोर बनाया है। इसमें 8 सेंचुरी शामिल हैं। यह विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा है। उन्होंने बतौर कप्तान 54 बार फिफ्टी या 50 प्लस का स्कोर बनाया है। इसमें 5 सेंचुरी और 49 फिफ्टी शामिल हैं। यह टीम का इंचार्ज होते हुए सबसे ज्यादा है।
मिताली ने इंग्लैंड के खिलाफ 2924 रन बनाए हैं। यह विमेंस क्रिकेट में किसी एक खिलाड़ी द्वारा किसी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन हैं। मिताली ने ये रन 81 पारियों में बनाए हैं। इसमें 25 फिफ्टी और 1 सेंचुरी शामिल है।
मिताली ने घरेलू जमीन पर 3613 रन बनाए हैं। यह विमेंस क्रिकेट में घरेलू जमीन पर बनाए गए दूसरे सबसे ज्यादा रन हैं। उनसे ज्यादा सिर्फ चार्लोट एडवर्ड्स ने घरेलू जमीन यानी इंग्लैंड में रन बनाए हैं। एडवर्ड्स के नाम 4490 रन हैं।

मिताली ने इंग्लैंड के खिलाफ 2002 में टॉन्टन में टेस्ट मैच में 214 रन की पारी खेली थी। यह इंडियन वुमेन द्वारा लगाई गए इकलौती डबल सेंचुरी है। यह विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में चौथा इंडिविजुअल हाईएस्ट स्कोर भी है।

मिताली को महिला क्रिकेट का सचिन तेंदुलकर भी कहा जाता है। दोनों ने अपने करियर में कई रिकॉर्ड बनाए और तोड़े।
मिताली ने 2018 में इंटरनेशनल क्रिकेट में 935 रन बनाए थे। यह उनका एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन हैं। इसमें से ज्यादातर रन उन्होंने टी-20 में बनाए थे। टी-20 में उन्होंने 19 पारियों में 575 रन बनाए थे। इसमें 7 फिफ्टी शामिल हैं। इसके अलावा 11 वनडे में 360 रन बनाए थे।
मिताली ने काउंटी ग्राउंड टेन्टन में 700 रन बनाए हैं। यह उनके द्वारा किसी एक वेन्यू पर तीनों फॉर्मेट मिलाकर बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं। इस ग्राउंड पर मिताली ने 2 टेस्ट में 301 रन और 6 वनडे में 311 रन बनाए। टॉन्टन में टेस्ट में उनके नाम डबल सेंचुरी है। वनडे में 4 फिफ्टी लगाईं।

2018 में मिताली और तत्कालीन कोच रमेश पोवार के बीच विवाद हुआ था। तब ऐसा लग रहा था कि मिताली का करियर समाप्त हो जाएगा। पर मिताली ने वापसी की।
2018 में रमेश पोवार को 5 महीने के लिए वुमेन टीम का कोच बनाया गया। तब वे टीम इंडिया की सीनियर प्लेयर मिताली राज के साथ विवाद को लेकर खूब चर्चा में आए थे। 2018 टी-20 वर्ल्ड कप में टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों हारकर बाहर हो गई थी।
टूर्नामेंट में 2 अर्धशतक लगाने के बावजूद मिताली को इस मैच में प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद मिताली ने पोवार पर उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाया था। साथ ही यह भी कहा था कि पोवार उनके करियर को खत्म करना चाहते हैं। हालांकि, पोवार को कोच पद से हटाया गया। 2021 में पोवार दोबारा विमेंस टीम के कोच बने। पर मिताली ने कहा कि वे पुरानी बाचें थीं। अब सब ठीक है।

मिताली को लेकर एक फिल्म भी बन रही है। इसमें तापसी पन्नू लीड रोल में नजर आएंगी।

एक कार्यक्रम के दौरान तापसी पन्नू और मिताली राज। पन्नू मिताली के रोल में ढलने के लिए उनसे बैटिंग टिप्स भी ले रही हैं।
मिताली राज की बायोपिक ‘शाबाश मिट्ठू’ की अप्रैल में शूटिंग शुरू हो गई है। बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू ने इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर की और लिखा कि शूटिंग का पहला दिन। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर भी बायोपिक बन चुकी है जो बॉक्स ऑफिस पर काफी सफल रही थी।