Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

राजस्थान में 11 दिसंबर से कड़ाके की ठंड का अलर्ट:माउंट के बाद सीकर में भी जमी बर्फ; कोटा-उदयपुर में भी दो डिग्री गिरा पारा

जयपुर. राजस्थान के चूरू, फतेहपुर, भीलवाड़ा, जोधपुर समेत प्रदेश के कइ शहरों में तापमान गिरने से सर्दी के तेवर तेज हो गए। चूरू, भीलवाड़ा में आज सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। पिछले कुछ दिनों से लगातार पड़ रही सर्दी से अब लोगों की मुश्किलें बढ़ रही है। इधर सीकर के फतेहपुर में इस सीजन में पहली बार बर्फ जमी हुई दिखी।

यहां न्यूनतम तापमान आज 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे यहां मैदानों में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो गई। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 11 दिसंबर बाद से तापमान में गिरावट और ज्यादा हो सकती है, जिससे सर्दी और ज्यादा बढ़ेगी।

मौसम केन्द्र जयपुर से जारी रिपोर्ट देखें तो आज चूरू में न्यूनतम तापमान 3.5, भीलवाड़ा में 6.5, जबकि फतेहपुर में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का इन शहरों का सबसे कम तापमान रहा।

इन शहरों के अलावा उदयपुर और कोटा में भी आज न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरा है।

करौली न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। वहीं, बारां में भी तापमान 3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 5.8 पर पहुंच गया। करौली और बारां में भी बीती रात इस सीजन में सबसे ठंडी रात रही।

सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे आया तापमान

कोटा में आज रात का पारा सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे गिरकर 8.8 पर दर्ज हुआ। यहां भी सुबह-शाम सूखी सर्दी के साथ हल्की ठंडी हवाओं के थपेड़ों से लोग परेशान है।

कोटा के अलावा चूरू में आज तापमान सामान्य 4, जबकि अजमेर और भीलवाड़ा में 2-2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।

माउंट के बाद फतेहपुर में जमी बर्फ

राजस्थान में तापमान गिरने से कुछ समय पहले माउंट के मैदानों में बर्फ जमी दिखी थी, लेकिन आज फतेहपुर में भी बर्फ जमी दिखी।

यहां सुबह-सुबह मैदानों में ओस की बूंदे बर्फ बन गई। हालांकि दिन निकलने और धूप तेज होने के साथ ही यह जल्दी पिघल गई।

सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री दर्ज किया गया है। इससे पहले मंगलवार को यहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री दर्ज किया गया था।

पिछले साल फतेहपुर में 7 दिसंबर का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

11 दिसंबर बाद बढ़ेगी सर्दी
मौसम विशेषज्ञों के मुतााबिक राज्य में सर्दी के तेवर आने वाले दिनों में थोड़े और तेज होंगे। उत्तर भारत में एक हल्के प्रभाव का वेस्टर्न डिर्स्टबेंस सक्रिय हो रहा है, जिससे गिलगित, बाल्टिस्तान के अलावा कश्मीर और लद्दाख के एरिया में कहीं-कहीं हल्की बारिश से साथ स्नोफॉल (बर्फबारी) होगी।

ये सिस्टम 11 दिसंबर को पास आउट होगा, जिसके बाद उत्तर से बफीर्ली हवाएं मैदानी एरिया में आने लगेगी और तापमान में गिरावट होगी।