वार्ता में एक्सईएन ने समस्या समाधान का दिया आश्वासन
हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पेयजल संकट से जूझ रहे जंक्शन की नई खुंजा व नजदीकी ग्राम पंचायत मक्कासर के वाशिंदों ने सोमवार को सरपंच बलदेव सिंह व आमिर खान के नेतृत्व में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन कार्यालय का घेराव किया। घेराव कर रहे नागरिकों ने इस भयंकर गर्मी में पेयजल संकट दूर कर राहत पहुंचाने की मांग की। इस दौरान हुई सभा को संबोधित करते हुए सरपंच बलदेव सिंह ने कहा कि गांव मक्कासर में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो रही। गांव के अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंच रहा। इस कारण ग्रामीणों को गर्मी के इस मौसम में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमिर खान ने कहा कि नई खुंजा के लोगों को पीएचईडी अधिकारियों की लापरवाही की वजह से गंदा व बदबूदार पानी पीना पड़ जा रहा है। इससे भयंकर बीमारियां फैल रही हैं। जगह-जगह से पेयजल पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इस कारण सीवरेज का गंदा पानी पाइप लाइन के जरिए घरों तक पहुंच रहा है। काफी लंबे समय से खुंजावासियों को ट्यूबवेल का शोरायुक्त पानी पिलाकर नहरी पानी से वंचित रखा जा रहा है। जबकि नहरी पानी की कोई कमी नहीं है। पास में ही 1 किलोमीटर की दूरी पर नहर है। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमण्डल की एक्सईएन से वार्ता हुई। वार्ता में एक्सईएन ने आश्वस्त किया कि जल्द ही गांव मक्कासर में सप्लाई को दुरुस्त कर टेल तक पानी पहुंचाया जाएगा। पाइप लाइन को वाशिंग कराया जाएगा। साथ ही बताया कि गांव मक्कासर में 50000 लीटर की पानी की टंकी की स्वीकृति हो गई है। जल्द ही टेंडर निकाल कर इस कार्य को पूरा किया जाएगा। इसके बाद पानी की समस्या से निजात मिल सकेगी। वहीं नई खुंजा में पाइप लाइन को दो-चार दिनों में सही करवा दिया जाएगा। जब तक पाइपलाइन सही नहीं होती तब तक टैंकरों से स्वच्छ पानी की घर-घर सप्लाई दी जाएगी। नहरी पानी के लिए लिखित में राज्य सरकार को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। जब तक नहरी पानी सप्लाई की स्वीकृति नहीं मिलती तब तक नई खुंजा के वार्ड नंबर 5 के डब्बरवाला स्कूल में दो-चार दिनों में समर्सिबल लगाया जाएगा ताकि लोगों को स्वच्छ पानी दिया जा सके। इस पर प्रदर्शनकारी शांत हुए तथा घेराव समाप्त किया। इस मौके पर बीएस पेंटर, वारिस अली, इकबाल खान, सुल्तान खान, एडवोकेट लालचंद वर्मा, मुकद्दर अली, अलीशेर, वलीशर, मंटू मंडल, कमल प्रभात, शिवकुमार, जगदीश कंवर, सतीश सिडाना, नेहरूराम, महावीर खिचड़, श्रवण सिंह आदि मौजूद थे।