इंदौर (वार्ता). अनुभवी आफ-स्पिनर नेथन लायन (64/8) की घातक गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में गुरुवार को भारत को मात्र 163 रन पर आलआउट कर दिया। पहली पारी में 88 रन की बढ़त लेने वाले आस्ट्रेलिया को सीरीज में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिये 76 रन की जरूरत है।
आस्ट्रेलिया के स्पिन आक्रमण के आगे संघर्ष कर रहे भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा ने 59 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, हालांकि उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। पुजारा ने अपनी 142 गेंद की जुझारू पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया।
पहली पारी में जहां कुह्नेमन ने भारत के छक्के छुड़ाये थे, वहीं इस पारी में लायन ने भारतीय बल्लेबाजों को अपनी फिरकी में फंसाया। लायन ने 64 रन देकर चेतेश्वर पुजारा सहित आठ बल्लेबाजों को आउट किया जो भारतीय सरजमीन पर किसी विदेशी गेंदबाज का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।