श्रीगंगानगर. एडवोकेट प्रोटेक्शन बिल लागू करने की मांग के संबंध में गुरुवार को वकीलों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। वकील पिछले कई दिन से लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने गुरुवार को भी कलेक्ट्रेट के पार्क में सभा की। इसे संबोधित करते हुए सीनियर एडवोकेट्स ने कहा कि वकील अपने हक की लड़ाई लड़ेंगे। वर्तमान विधानसभा सत्र में ही एडवोकेट प्रोटेक्शन बिल लागू किया जाना चाहिए।
कलेक्टर ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन
वकीलों ने बार संघ अध्यक्ष सीताराम बिश्नोई के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इन लोगों का कहना था कि एडवोकेट पिछले कई दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। सीनियर एडवोकेट भूरामल स्वामी, नौरंग चौधरी, दलबारासिंह बराड़, जसवीर मिशन आदि ने कहा कि सरकार को उनकी मांगों पर ध्यान देना चाहिए। यह एडवोकेट की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इस संबंध में जिला कलेकटर को ज्ञापन सोंपा गया। जिला प्रशासन ने वकीलों की मांग उच्च स्तर पर पहुंचाने का विश्वास दिलाया। एडवोकेट्स का प्रतिनिधि मंडल जयपुर में शुक्रवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए रवाना होगा। वहां मांग के संबंध में पूरे प्रदेश के एडवोकेट विरोध प्रदर्शन करेंगे तथा आगे की रणनीति बनाई जाएगी। गुरुवार को हुए विरोध प्रदर्शन में एडवोकेट अजय मेहता, प्रतापसिह शेखावत सहित कई एडवोकेट मौजूद थे।