Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक की हार्ट अटैक से मौत

बॉलीवुड हस्तियों व पीएम मोदी ने जताया दु:ख
नयी दिल्ली (वार्ता)।
प्रसिद्ध अभिनेता और फिल्म निर्देशक सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया है। वह 67 वर्ष के थे। सूत्रों ने यहां बताया कि अभिनेता सतीश कौशिक का पोस्टमार्टम किया गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। रिपोर्ट्स में कौशिक की मौत का कारण हृदयघात बताया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर तथा महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी सहित बॉलीवुड की कई हस्तियों ने सतीश कौशिक के निधन पर दु:ख व्यक्त किया है। अनुपम खेर ने सतीश कौशिक के निधन की जानकारी देते हुए ट्वीट किया कि जानता हूँ मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है! पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त सतीश कौशिक के बारे में लिखूँगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम !! आपके बिना जीवन पहले जैसा नहीं रहेगा सतीश! ओम शांति! मुम्बई में गुरुवार सायं उनका अन्तिम संस्कार किया गया।
सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 में हरियाणा के महेन्द्रगढ़ में हुआ था। वह अभिनेता बनने के लिए नौ अगस्त 1979 को मुंबई पहुंचे थे। उन्होंने वर्ष 1983 में रिलीज फिल्म ‘ जाने भी दो यारो’ से अभिनय की शुरूआत की थी। उन्होंने 100 से अधिक फिल्मों में काम किया। कौशिक को अभिनय में मिस्टर इंडिया फिल्म कैलैंडर के किरदार से पहचान मिली। उन्होंने हास्य के साथ-साथ गंभीर किरदार भी निभाये। उन्हें वर्ष 1990 में फिल्म ‘ राम लखन’ और वर्ष 1997 में फिल्म ‘ साजन चले ससुराल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया था। उन्होंने वर्ष 1993 में ‘ रूप की रानी चोरों का राजा’ फिल्म से बतौर निर्देशक अपनी पारी शुरू की और इसके बाद 12 से अधिक फिल्मों का निर्देशन किया।