Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

लॉरेंस के जेल में इंटरव्यू से जयपुर में हड़कंप:बोला- मूसेवाला की हत्या गोल्डी ने कराई; राजस्थान-पंजाब पुलिस बोली- हमारे यहां नहीं हुआ

जयपुर. भारी भरकम सुरक्षा वाली जेल से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एक मीडिया चैनल को दिए वीडियो कॉल इंटरव्यू ने तमाम सिक्योरिटी एजेंसियों के दावों की पोल खोल दी है।

जिम्मेदारों से न तो जवाब देते बन रहा है और न ही वे गलती मान रहे हैं। इस इंटरव्यू में गैंगस्टर लॉरेंस दावा कर रहा है कि मूसेवाला की हत्या गोल्डी बराड़ ने करवाई थी।

बरार ही उसकी गैंग भी चला रहा है। इस इंटरव्यू में ये सामने आया कि वो जेल में रहकर लोगों को धमकाकर फिरौती मांग रहा है। लॉरेंस फिलहाल पंजाब की बठिंडा जेल में है।

हालांकि, वहां के अधिकारियों का कहना है कि लॉरेंस जहां बंद है, वहां जैमर लगे हैं और किसी तरह की कनेक्टिविटी संभव नहीं है।

पंजाब के अलावा जहां-जहां लॉरेंस को बीते दिनों पूछताछ के लिए ले जाया गया, वहां की एजेंसियां भी कटघरे में हैं। इनमें राजस्थान जेल विभाग भी शामिल है।

दरअसल, लॉरेंस करीब एक साल पहले 6 दिन जयपुर सेंट्रल जेल में बंद रहा था। वहीं, पिछले दिनों 14 दिन जवाहर सर्किल थाने में प्रोडक्शन वारंट पर रहा।

जयपुर कमिश्नर आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि लॉरेंस जयपुर पुलिस की कस्टडी में रहने के दौरान ना किसी से मिला, ना ही किसी को उसने इंटरव्यू दिया है।

​​​​​​जेल ‌विभाग के मुताबिक जब लॉरेंस आया तो शेव किया हुआ था। उसका हेयर कट भी काफी छोटा था। इंटरव्यू में लॉरेंस की दाढ़ी बढ़ी हुई है। उसके बाल भी काफी बढ़े हुए हैं।

जेल विभाग ने बताया- जब लॉरेंस को जयपुर पुलिस जेल में लेकर आई थी। उस दौरान उसके कपड़ों की जांच की गई। पीले रंग की टी-शर्ट नहीं थी। ऐसे में यह वीडियो जयपुर सेंट्रल जेल का हो ही नहीं सकता।