कार हुई दुर्घटनाग्रस्त, पत्थरों के नीचे छिपाई स्मैक, लेने आया युवक काबू
by seemasandesh
मौके से फरार हुए साथी को भी किया गिरफ्तार, कुल 22 ग्राम स्मैक बरामद हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। दो जने श्रीगंगानगर की एक महिला से स्मैक खरीदकर लाए। रास्ते में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एक जना पुलिस के आने के डर से वहां से भाग गया जबकि कार मालिक ने भी पेड़ों के पास ईंट-पत्थरों के नीचे स्मैक छुपा दी। अगले दिन सुबह जब वह छिपाई गई स्मैक लेने आया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे दबोच लिया और उसके कब्जे से 22 ग्राम स्मैक बरामद कर ली। मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच के दौरान उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। मामला सदर पुलिस थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार सदर थाना प्रभारी मानसिंह गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त करते हुए श्रीगंगानगर रोड पर गांव जंडावाली से करीब एक किलोमीटर आगे पक्कासारणा की तरफ पहुंचा तो सड़क किनारे पेड़ के पास खड़ा युवक पुलिस को देख छिपने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस ने युवक को पकड़ तलाशी ली तो उसके पहनी लोवर की जेब में एक पॉलिथिन की थैली बरामद हुई। इसमें 22 ग्राम स्मैक थी। पुलिस ने स्मैक बरामद कर मौके से बाबू खां (27) पुत्र नानू खां निवासी वार्ड 39, प्रेमनगर, हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त के बारे में पूछताछ की तो बाबू खां ने बताया कि वह अपनी कार में अपने दोस्त बबलू निवासी सिरसा हाल सिकलीगर मोहल्ला हनुमानगढ़ टाउन के साथ श्रीगंगानगर के छजगरिया मोहल्ला में गया था। वहां से उन्होंने यह स्मैक सलमा निवासी छजगरिया मोहल्ला से खरीद की। इसके बाद दोनों वापस हनुमानगढ़ लौट रहे थे कि पक्कासारणा व जंडावाली के बीच उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। बबलू मौके से फरार हो गया। उसने पुलिस के आने के डर से स्मैक को सड़क किनारे पेड़ों के पास ईंट-पत्थरों के नीचे छिपा दी। अगले दिन सुबह वह छिपाई गई स्मैक निकालने के लिए आया था कि पकड़ा गया। सदर पुलिस ने बाबू खां व बबलू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच गोलूवाला थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार को सौंपी। पुलिस टीम में कांस्टेबल मनोज कुमार, धर्मपाल, बलवान सिंह, गंगाबिशन व अजायब सिंह शामिल थे। उधर, मामले की जांच कर रहे गोलूवाला थाना प्रभारी ओमप्रकाश सुथार ने आरोपी बाबू खां से अनुसंधान के आधार पर सअभियुक्त वांछित फरार आरोपी के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद साइबर टीम हनुमानगढ़ की सहायता से फरार आरोपी बबलू उर्फ अजय कुमार (32) पुत्र विजय कुमार अरोड़ा निवासी वार्ड 18, नजदीक शिव चौक, खुंगर स्वीट सिरसा हरियाणा हाल वार्ड 26, सिकलीगर मोहल्ला हनुमानगढ़ टाउन को दस्तयाब कर गिरफतार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।