जिला अहिंसा प्रकोष्ठ ने किया गांधी दर्शन मार्च का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गांधी की विचारधारा से लोगों को प्रेरित करने के लिए सोमवार को जिला अहिंसा प्रकोष्ठ की ओर से जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जंक्शन के अग्रसेन भवन में किया गया। एक दिवसीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर में करीब तीन सौ प्रशिक्षणार्थियों ने हिस्सा लिया। इससे पहले सुबह जिला मुख्यालय पर गांधी दर्शन मार्च का आयोजन किया गया। मार्च को प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, जिला अहिंसा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक तरुण विजय, उपखण्ड स्तरीय गांधी दर्शन समिति हनुमानगढ़ सदस्य मनोज सैनी, गुरदीप सिंह चहल, गुरमीत सिंह, नायब तहसीलदार भावना शर्मा, सीबीईओ सीमा भल्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गांधी दर्शन मार्च में राष्टÑीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, स्काउट गाइड, एनसीसी कैडेट सहित अन्य स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों ने जिला कलक्ट्रेट स्थित पार्क में स्थापित राष्टÑपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान गांधीजी के प्रिय भजन गूंजते रहे। गांधी दर्शन मार्च जिला कलक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर अग्रसेन भवन पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इसके बाद शाम छह बजे तक अग्रसेन भवन में जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर में जिला अहिंसा प्रकोष्ठ के संयोजक श्रवण तंवर सहित अन्य वक्ताओं ने गांधी जीवन दर्शन को आत्मसात करने की बात कही। वक्ताओं ने कहा कि आज पूरे देश में नफरत का माहौल फैला हुआ है। गांधीजी की ओर से बताए गए सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलकर हम देश को आगे ले जा सकते हैं। प्रशिक्षित किए गए प्रशिक्षणार्थी गांव-गांव जाकर नागरिकों को सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश देंगे। जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर में जिला प्रमुख कविता मेघवाल, प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा, कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर चांवरिया, पार्षद प्रतिनिधि मनोज बड़सीवाल, तहसीलदार हरदीप सिंह आदि मौजूद थे।